सुशील मोदी ने कुशवाहा पर साधा निशाना, कहा- नेताओं ने तो छोड़ा है साथ अब...

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 21, 2018

पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के महागठबंधन में शामिल होने पर बृहस्पतिवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि एक ऐसी पार्टी (रालोसपा) भी महागठबंधन से हाथ मिला रही है जिसकी गिनती के दो विधायक, एक एमएलसी और एक सांसद ‘राजग’ के साथ मजबूती से खड़े हैं। सुशील ने ट्वीट कर कहा, ‘ममता बनर्जी, मायावती, अखिलेश यादव और चौधरी अजित सिंह तक ने जिस कांग्रेस को तीन राज्यों में जीतने के बावजूद कोई महत्व नहीं दिया, उसे बिहार में वही दल माथे लगा रहे हैं, जिनका पूरा शीर्ष नेतृत्व जेल और अदालत के बीच झूल रहा है या जिसके नेता का जनाधार उसका साथ छोड़ चुका है।’

उन्होंने कहा, ‘एक ऐसी पार्टी भी महागठबंधन में हाथ मिला रही है जिसकी गिनती के दो विधायक, एक एमएलसी और एक सांसद ‘राजग’ के साथ मजबूती से खड़े हैं।’ उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘20 साल तक बिहार में दलितों के नरसंहार और 1989 में भागलपुर दंगा के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के 1000 से ज्यादा लोगों की हत्या के लिए जिम्मेदार दो वंशवादी दलों (कांग्रेस-राजद) के नेतृत्व में दो वोटकटवा पार्टियों ने जो गठबंधन किया है, उसका लोकसभा के चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। राज्य की जनता लालटेन युग में लौटने वाली नहीं है...।’

सुशील ने कहा कि देश को कमजोर सरकार देने और प्रधानमंत्री मोदी की वापसी रोकने के नकारात्मक मंसूबे जोड़तोड़ से कभी कामयाब नहीं होंगे। बिहार में रालोसपा के विधायकों ने भी पुष्टि की कि वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ हैं। पार्टी के विधायक सुधांशु शेखर ने बताया कि रालोसपा के दोनों विधायकों और एकमात्र विधान पार्षद ने आम सहमति से घोषणा की है कि वे राजग में हैं। हम उस गठबंधन के साथ हैं जिसका हिस्सा रालोसपा रही है। उपेन्द्र कुशवाहा ने पार्टी के विचारों के खिलाफ जाकर निर्णय किया है।

इसे भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी महागठबंधन तैयार, बिहार की सीटों का फॉर्मूला तय

उन्होंने कहा कि वास्तव में कुशवाहा पार्टी लाइन के खिलाफ गए हैं और हम जल्द ही चुनाव आयोग से संपर्क कर दावा करेंगे कि हम असली रालोसपा हैं। हमें पार्टी के एक सांसद सहित विभिन्न दलों के नेताओं का समर्थन है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के दो विधायक ललन पासवान और सुधांशु शेखर के अलावा विधान पार्षद संजीव सिंह श्याम ने पिछले हफ्ते राजग को समर्थन देने का संकल्प जताया था। इस बीच जदयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने वर्तमान और संभावित राजग सहयोगियों से लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए ‘संयुक्त रूप से प्रयास’ करने का आह्वान किया।

प्रमुख खबरें

SEBI Order के खिलाफ SAT पहुंचे Zee Entertainment और Punit Goenka, बुधवार को होगी अहम सुनवाई

Lionel Messi को चैंपियन बनाने वाले पिता Jorge Messi का निधन, दिग्गज Rafael Nadal ने जताया गहरा शोक

Aston Villa छोड़ PSG लौटे Lucas Digne, 11 साल बाद फिर पहनेंगे पेरिस की जर्सी, 2029 तक हुआ Deal साइन

5 साल के फतेह ने Thailand में रचा इतिहास, Gatka on Skates में जीता World Martial Arts Games Gold Medal