सुशील मोदी का बड़ा बयान, कहा- बिहार में कोई भी दल अपने बूते नहीं जीत सकता चुनाव

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 01, 2020

नयी दिल्ली। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का कहना है कि बिहार में गठबंधन की राजनीति एक ‘‘वास्तविकता’’ है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) इसके त्रिकोण हैं तथा इनमें से किसी को इस मुगालते में नहीं रहना चाहिए कि वह अपने बूते चुनाव जीतकर सरकार बना सकता है। बिहार भाजपा के कद्दावर नेता मोदी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सामने राजद के नेतृत्व वाला विपक्षी महागठबंधन दूर-दूर तक नहीं टिकता और अगला विधानसभा चुनाव राजग के सभी घटक दल मिलकर लड़ेंगे और सफलता हासिल करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा जदयू और राजद बिहार की राजनीति के त्रिकोण हैं और गठबंधन एक वास्तविकता है। इसे लेकर किसी को कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। आज कोई भी एक दल अपने बलबूते पर चुनाव जीतकर सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि 2015 के विधानसभा चुनाव में भाजपा अलग चुनाव लड़कर देख चुकी है, जबकि 2014 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू लोकसभा का अलग चुनाव लड़कर देख चुका है। 

इसे भी पढ़ें: बिहार में एक से 21 सितंबर के बीच 100 स्थानों पर डिजिटल बैठक करेगी कांग्रेस

मोदी ने कहा, ‘‘भाजपा को अपनी ताकत के बारे में कोई गलतफहमी नहीं है। हम मजबूत हैं और हमारा संगठन भी है। लेकिन मिलजुलकर चुनाव लड़ेंगे तभी हम लोगों को सफलता मिलेगी। इसे लेकर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व में भी कहीं कोई भ्रम नहीं है।’’ उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बीच के दो-ढाई साल छोड़ दें तो बिहार के अंदर ये गठबंधन बहुत ही मजबूती के साथ 1996 से चल रहा है। एक बेहतर तालमेल के साथ इस गठबंधन ने बिहार में एक अच्छी सरकार दी है। उन्होंने कहा, ‘‘अगला चुनाव हमलोग मिलकर लड़ेंगे और सफल होंगे।’’ इसी महीने बिहार विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना है। बिहार चुनाव, कोरोना वायरस महामारी के दौरान होने वाले भारत के पहले विधानसभा चुनाव होंगे। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त हो रहा है। राजग के घटक दलों जदयू और लोजपा के बीच चल रहे वाकयुद्ध और कुछ मुद्दों पर एक दूसरे की असहमतियों को उन्होंने क्षणिक करार दिया और उम्मीद जताई कि समय आने पर इसका भी समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘सभी दलों का नेतृत्व बहुत परिपक्व और समझदार है। इसलिए सब ठीक हो जाएगा। 

इसे भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव स्थगित करने की याचिका को SC ने किया खारिज

तेजस्वी पर तंज कसते हुए मोदी ने कहा, ‘‘ट्वीटर और फेसबुक पर बयान देने से केवल कोई नेता नहीं हो जाता। महागठबंधन से हमारा मुकाबला कोई पहली बार नहीं हो रहा है। इस महागठबंधन से हमलोगों ने पिछले पांच चुनाव लड़े हैं और हर बार इनको पराजित करने का काम किया है।’’ उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव परिणामों को देखा जाए तो दोनों गठबंधनों के मतों में कम से कम 12 से 13 प्रतिशत का अंतर है। पिछले लोकसभा चुनाव में तो यह अंतर 23 प्रतिशत तक पहुंच गया। जब 2010 में भाजपा और जदयू ने मिलकर चुनाव लड़ा था तो उस समय भी 14 प्रतिशत मतों का अंतर था। उन्होंने कहा, ‘‘कई राज्यों में तो एक प्रतिशत से हार जीत का फैसला होता है। हमारा तो इतना बड़ा अंतर है।’’ मोदी 2005 से लेकर जून 2013 तक बिहार सरकार में उप मुख्‍यमंत्री-सह वित्त मंत्री रहे। साल 2017 में जब जदयू-राजद गठबंधन की सरकार गिरी तब मोदी फिर से बिहार के उपमुख्यमंत्री बने। लंबे समय से नीतीश के सहयोगी के रूप में काम कर रहे मोदी ने इस बात से इंकार किया कि बिहार की जनता में मुख्यमंत्री को लेकर कोई ऊब जैसी स्थिति है। मोदी ने बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए 15 सालों के राजग शासन को नाकाफी बताया और कहा कि 2005 में जब जदयू-भाजपा गठबंधन सत्ता में आया उस वक्त यदि बिजली, सड़क और पानी जैसी आधारभूत संरचनाएं मिल जाती तो ‘‘आज हम बिहार को कहां से कहां पहुंचा देते’’। उन्होंने आरोप लगाया कि 40 साल बिहार में कांग्रेस ने राज किया, 15 साल कांग्रेस और राजद ने मिलकर राज किया लेकिन कोई काम नहीं किया। बिहार के 55 साल इन लोगों ने ‘‘बर्बाद’’ कर दिए। 

इसे भी पढ़ें: बिहार चुनाव को लेकर बीजेपी ने कसी कमर, अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बनाया ये प्लान

मोदी ने दावा कि पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव में जो वादे किए थे उसका लगभग 80 फीसद पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘चाहे बिजली, पानी और सड़क का मुद्दा हो या कृषि का क्षेत्र, हम लोगों ने अभूतपूर्व काम किया है। केवल घोषणा नहीं। 80 फीसद काम हमने पूरा कर लिया बाकी भी काम चल रहा है।’’ उन्होंने विपक्ष को चुनौती दी कि यदि उसमें हिम्मत है तो वह बिजली, पानी व सड़क को चुनावी मुद्दा बनाए। उन्होंने कहा कि देश के हर राज्य के चुनाव में बिजली, पानी व सड़क एक बड़ा चुनावी मुद्दा रहता है। आज बिहार के अंदर एक भी घर नहीं बचा है, जहां बिजली नहीं पहुंची है। पूरे बिहार में सड़कों का जाल बिछा दिया गया है। यहां तक कि देश का पहला राज्य होगा बिहार जहां सौ से अधिक की आबादी वाले हर टोले को बारहमासी सड़क से जोड़ा जा रहा है। गौरतलब है कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले जदयू राजग से बाहर हो गया। इसके बाद 2015 के विधानसभा चुनाव में उसने राजद के साथ विधानसभा चुनाव लड़ा। इस चुनाव में भाजपा 53 सीटें ही जीत सकी थी। तब राजद 80 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। जदयू को 71 सीटें मिली थीं। नीतीश कुमार एक बार फिर राज्य के मुख्यमंत्री बने और लालू यादव के पुत्र तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री। हालांकि यह सरकार लंबे समय तक नहीं चल सकी। जदयू फिर राजग के साथ आ गया। नीतीश मुख्यमंत्री बने और मोदी उपमुख्यमंत्री। लिहाजा भाजपा और जदयू जहां पिछले चुनाव में आमने- सामने थे, इस बार मिलकर वे महागठबंधन को चुनौती देंगे।

प्रमुख खबरें

Privacy पर छिड़ी बहस के बीच Meta का बड़ा एक्शन, AI Glasses में छेड़छाड़ पर बंद होगा Camera

Wimbledon में भारतीय टेनिस का नया सितारा, Arnav Paparkar 36 साल बाद Junior Quarter-Final में।

FIFA World Cup में रेफरी पर बड़ा बवाल, Argentina से हार के बाद मिस्र ने FIFA में दर्ज कराई शिकायत

Hormuz में हमलों से Crude Oil में लगी आग, US-Iran तनाव से भारत की भी बढ़ी टेंशन।