'...तुम हमें अपनी ज़मीन दो और हम तुम्हें ग्रुप-डी की नौकरी देंगे', लालू परिवार पर सुशील मोदी का निशाना

By अंकित सिंह | May 20, 2022

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की ओर से लालू यादव और उनके परिवार से जुड़े 17 ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसके साथ ही सीबीआई ने रेलवे में नौकरियों के बदले उम्मीदवारों से जमीन लेने के आरोप में लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया है। अब इसी को लेकर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील मोदी ने बड़ा बयान दिया है। सुशील मोदी ने कहा कि जब लालू यादव रेल मंत्री थे, तो उन्होंने ग्रुप-डी की नौकरी देने के बदले में दर्जनों लोगों से ज़मीन लिखवा ली थी। इनका ये कहना था कि तुम हमें अपनी ज़मीन दो और हम तुम्हें ग्रुप-डी की नौकरी देंगे।

इसे भी पढ़ें: लालू के 17 ठिकानों पर CBI छापा, रेल मंत्री रहते लगे थे भ्रष्‍टाचार के आरोप, RJD समर्थकों का हंगामा

अधिकारियों ने बताया कि जांच एजेंसी ने भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी और भ्रष्टाचार निरोधक कानून के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। भादसं की धारा 120-बी आपराधिक षडयंत्र से जुड़ी है। ऐसा आरोप है कि लालू प्रसाद यादव के 2008 से 2009 तक रेल मंत्री रहते हुए रेलवे में नौकरियों के बदले में यादव परिवार को कई संपत्तियां दी गयी, जो प्रमुख स्थानों पर थीं। यह नया मामला तब दर्ज किया गया है जब हफ्तों पहले यादव को चारा घोटाला मामले में जमानत पर रिहा किया गया। इस मामले में रांची में विशेष अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया था। राष्ट्रीय जनता दल ने सीबीआई पर तंज कसते हुए ट्वीट किया, ‘‘तोता है, तोतों का क्या।’’ गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के दौरान सीबीआई को राजनीतिक आकाओं का ‘‘तोता’’ कहा था।

प्रमुख खबरें

अच्छी फिल्म बनाओ, लोगों का मनोरंजन करो, चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत

FADA रिपोर्ट: सितंबर में EV रिटेल बिक्री 74 फीसदी उछली, 3.33 लाख यूनिट का रिकॉर्ड

लंच के बाद जंतर-मंतर जा रहे विपक्षी सांसद, राहुल गांधी बोले- अब वहीं देंगे धरना, हर FIR मेरे लिए मेडल

EVM पर बार-बार सवाल उठाने वालों ने Ballot Paper के जरिये हुए चुनावों के एक दिन पहले आये परिणाम देखे क्या?