दुष्कर्मियों और घुसपैठियों से सख्ती से निपटने के लिए West Bengal Police को पूरी छूट: Suvendu Adhikari

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

(दसवें पैरा में भतीजी शब्द हटाते हुए) कोलकाता, नौ नवंबर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उत्तर दिनाजपुर जिले में दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की पुलिस के साथ मुठभेड़ में हुई मौत पर सोमवार को कहा कि पुलिसकर्मियों को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है तथा भाजपा सरकार ने दुष्कर्मियों, मादक पदार्थ के तस्करों और घुसपैठियों से निपटने के लिए खुली छूट दे रखी है। मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी राज्य में मई में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से हुईं इस तरह की कई घटनाओं के बीच आई है। रायगंज की यह घटना मई में पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद पुलिस मुठभेड़ में मौत का चौथा मामला है।

पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा में संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी हर आरोपी पर गोली नहीं चलाते, लेकिन दुष्कर्म, हत्या, नशीले पदार्थों की तस्करी और बांग्लादेश से घुसपैठ जैसे मामलों में उन्हें अपने वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति का इंतजार किए बिना कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है। शुभेंदु ने सवाल किया, ‘‘क्या पुलिस हर आरोपी को गोली मार देती है? जब कोई पुलिस पर हमला करता है, तो वे (पुलिसकर्मी) आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हैं।

क्या पुलिस को अपनी पिस्तौल जेब में रखनी चाहिए?’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार ने पुलिस को कुछ मामलों में पूरी छूट दी है। उसे कार्रवाई करने के लिए अपने वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। दुष्कर्म, हत्या, मादक पदार्थ की तस्करी और घुसपैठ के मामलों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’ केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने राज्य सरकार के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने यौन अपराधों और दुष्कर्म के मामलों में ‘कतई बर्दाश्त न करने’ की नीति अपनाई है और वह यह सुनिश्चित करेगी कि अपराधियों को कानून के अनुसार सजा मिले।

मजूमदार ने कहा, ‘‘अगर कोई अपराधी पुलिस पर गोली चलाता है, तो क्या पुलिस उस पर लड्डू फेंकेगी? वह भी जवाबी गोलीबारी करेगी।’’ ये बयान राज्य की भाजपा सरकार की उस कोशिश को दर्शाते हैं, जिसमें वह कानून-व्यवस्था को लेकर एक सख्त रुख प्रदर्शित करना चाहती है। यह रुख पूर्ववर्ती वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस सरकारों के उस दौर के बिल्कुल विपरीत है, जिसे भाजपा ने अपराधियों को वर्षों तक राजनीतिक संरक्षण प्रदान करने वाला बताया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने पुलिस को धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान पथराव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उनकी यह टिप्पणी उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोपी व्यक्ति की पुलिस के साथ मुठभेड़ में मौत होने के कुछ घंटे बाद आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिलीप राय ने रायगंज के एक गांव में उसे गिरफ्तार करने के लिए पहुंची पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोलीबारी की।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिससे आरोपी घायल हो गया। उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद से किसी ने भी धार्मिक जुलूसों, मूर्ति विसर्जन या अन्य धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने की हिमाकत नहीं की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस की सरकारों ने अपने शासनकाल में बंगाल की संस्कृति, धार्मिक रीति-रिवाजों और परंपराओं को कमजोर किया। रायगंज की घटना से पहले, जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। इसके बाद, 27 अक्टूबर को दो अन्य आरोपी पुलिस कार्रवाई की अलग-अलग घटनाओं में मारे गए थे।

इनमें उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा में 11वीं कक्षा की छात्रा का शव मिलने के मामले में गिरफ्तार प्रह्लाद दास और मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के आरोपी समाउल हक शामिल थे।

प्रमुख खबरें

Suryakumar Yadav संभालेंगे Mumbai की कमान, Syed Mushtaq Ali Trophy टीम घोषित

Premier League में Aston Villa से 4-4 ड्रॉ के बाद 10 मैचों में 8 अंक पर अटकी Manchester United

Kochi Airport पर Earth Lounge Bar का FL-7 लाइसेंस केरल आबकारी विभाग ने किया रद्द

विदेशी पूंजी प्रवाह और कच्चे तेल में नरमी से US Dollar के मुकाबले मजबूत हुआ रुपया