ISSF World Cup में Swapnil Kusale और सरबजोत सिंह संभालेंगे भारतीय दल की कमान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 09, 2026

काहिरा, नौ अक्टूबर ओलंपिक कांस्य पदक विजेता स्वप्निल कुसाले और सरबजोत सिंह यहां शनिवार से शुरू होने वाले आईएसएसएफ राइफल-पिस्टल विश्व कप में 24 सदस्यीय भारतीय निशानेबाजी दल की अगुवाई करेंगे। भारतीय टीम देहरादून में एक से सात अक्टूबर तक राष्ट्रीय ट्रेनिंग शिविर में हिस्सा लेने के बाद काहिरा पहुंची। भारत आठ व्यक्तिगत ओलंपिक स्पर्धाओं और दो मिश्रित टीम स्पर्धाओं में हिस्सा लेगा।

उनके साथ बधिर ओलंपिक चैंपियन धनुष श्रीकांत और पार्थ मखीजा भी शामिल होंगे। महिलाओं की राइफल स्पर्धाओं में दो बार की ओलंपियन अंजुम मौदगिल 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस टीम का नेतृत्व करेंगी जिसमें आयुषी पोद्दार और मानिनी कौशिक भी शामिल हैं। ब्यूनस आयर्स विश्व कप में रजत पदक जीतने वाली उभरती निशानेबाज आर्या राजेश बोर्से महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में ख्याति चौधरी और इस्मिता भोवाल के साथ हिस्सा लेंगी।

पुरुषों की पिस्टल स्पर्धा में पेरिस ओलंपिक 2024 के कांस्य पदक विजेता सरबजोत सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल टीम की अगुवाई करेंगे। उनके साथ अजेंद्र सिंह चौहान और उदयवीर सिद्धू भी प्रतिस्पर्धा करेंगे। विजयवीर सिद्धू 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में सूरज शर्मा और अंकुर गोयल के साथ भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगे।

महिलाओं की पिस्टल टीम में एशियाई खेलों की चैंपियन पलक शामिल हैं, जो 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मुस्कान और सुरभि राव के साथ निशाना साधेंगी। ओलंपियन रिदम सांगवान, पूर्व विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता चिंकी यादव और दिव्या टीएस महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता के पहले दिन 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम और 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धाओं के फाइनल खेले जाएंगे।

10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में अजेंद्र सिंह चौहान के साथ पलक और उदयवीर सिद्धू के साथ मुस्कान की जोड़ी प्रतिस्पर्धा करेगी। 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में पार्थ मखीजा और आर्या राजेश बोर्से की जोड़ी के साथ धनुष श्रीकांत और ख्याति चौधरी की जोड़ी भी चुनौती पेश करेगी। वहीं 10, 25 और 50 मीटर की स्पर्धाओं में व्यक्तिगत क्वालीफिकेशन दौर और फाइनल मुकाबले 15 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेंगे।

प्रमुख खबरें

AISA अध्यक्ष Neha Bora ने Jantar Mantar प्रदर्शन जारी रखने का दिया संदेश

Shardiya Navratri 2026: 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, घटस्थापना और पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट

Mansukh Mandaviya से मिले पैरा निशानेबाज, Asian Para Games चयन में PCI पर लगाया पक्षपात का आरोप

Nandigram में BJP की ऐतिहासिक जीत, हसीन रानी रथ ने Congress के मिलन प्रधान को हराया