स्वतंत्र देव सिंह ने संभाला कार्यभार, योगी के साथ मिलकर भाजपा को आगे बढ़ाएंगे

By नीरज कुमार दुबे | Jul 20, 2019

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को कहा कि वह पार्टी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए दिन-रात ईमानदारी से काम करेंगे। सिंह ने पार्टी मुख्यालय पर आयोजित अपने स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "पार्टी संगठन को और अधिक विस्तार देते हुए पार्टी को नई ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए मैं आप सबके सहयोग से दिन-रात ईमानदारी से काम करूंगा।’’ 

उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच समन्वय के साथ मोदी-योगी की सरकार द्वारा जनहित में किये जा रहे कार्यों का लाभ जनता तक कैसे पहुंचे और लोक कल्याण के काम कैसे अधिक से अधिक हों, इसके लिए सब काम करेंगे। साथ ही पार्टी संगठन को भी मजबूत करेंगे। सिंह ने कहा कि पार्टी आज जिन ऊंचाईयों पर खड़ी है, वह पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं के प्यार एवं परिश्रम का परिणाम है। पहले जनसंघ और फिर भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद संगठन को मजबूत करने के लिए तमाम कार्यकर्ताओं ने अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि 2014 लोकसभा चुनाव से पूर्व अमित शाह उत्तर प्रदेश में आये और उसी समय संगठन के मर्मज्ञ सुनील बंसल भी राज्य में आ चुके थे और उनके नेतृत्व में भाजपा ने प्रदेश में अभूतपूर्व सफलता हासिल की थी।

इसे भी पढ़ें: लोकसभा चुनावों में ब्राह्मण, विस चुनावों में पिछड़े वर्ग का अध्यक्ष बनाती है UP भाजपा

सिंह ने कहा, ‘‘श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सपना मोदी और योगी साकार कर रहे हैं। संगठन में हमारे पूर्वजों ने एक तपस्वी के रूप में परिश्रम की पराकाष्ठा पार करते हुए काम किया और चलते-चलते हम आज यहां पहुंचे हैं।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने योगी आदित्यनाथ पर विश्वास किया और उन्हें प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। सिंह ने कहा कि आज योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री के रूप में जनता का कल्याण कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा, "पार्टी से जमीनी स्तर पर जुड़े हुए सामान्य कार्यकर्ता से अपनी सार्वजनिक जीवन की यात्रा प्रारम्भ करने वाले ओजस्वी-तेजस्वी कार्यकर्ता स्वतंत्र देव सिंह का मैं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन करता हूं।" उन्होंने कहा कि संगठन ने अभी तक जो ऊंचाईयां प्राप्त की हैं, स्वतंत्र देव सिंह के नेतृत्व में पार्टी संगठन और नई ऊचाईयों को प्राप्त करेंगा। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में स्वतंत्र देव सिंह का चयन पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा के अनुरूप है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व ने एक सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व देकर आम कार्यकर्ताओं के मन में विश्वास भरा है। पूरे देश के अंदर परिवहन विभाग घाटे में चल रहा है लेकिन प्रदेश में स्वतंत्र देव सिंह ने परिवहन विभाग को फायदे में ला दिया। उन्होंने कहा कि बिना शोर-शराबे के संगठन कार्य और अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले स्वतंत्र देव सिंह निश्चित रूप से पार्टी संगठन को और मजबूत करेंगे। संगठन कार्य में न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि मध्य प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक सहित कई राज्यों में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई। योगी ने कहा, ‘‘राजनीति मूल्यों और सिद्धान्तों पर आधारित होती है। राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं होता और हम स्वतंत्र देव के नेतृत्व में करते हुए पार्टी को एक नई ऊचाईयों पर ले जाएंगे।’’ 

इससे पूर्व नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। पार्टी के राज्य मुख्यालय में स्वतंत्र देव सिंह का मुख्यमंत्री योगी, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं दिनेश शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी, विनय कटियार, सूर्यप्रताप शाही ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने भी नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

प्रमुख खबरें

Yamuna Expressway बस हादसे पर Allahabad High Court सख्त, यूपी सरकार से मांगा जवाब

Guwahati के होमस्टे में छात्रा की संदिग्ध मौत, पुलिस ने साथी आशिक अली को दबोचा

Election Commission के स्पष्टीकरण से NDA सहयोगियों की चिंता दूर, चिराग और नायडू ने किया समर्थन

Rajasthan में Congress MLA Chetan Patel पर FIR दर्ज, Tika Ram Jully ने BJP सरकार को घेरा