By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 30, 2021
अहमदाबाद। अनुभवी खिलाड़ियों से भरी तमिलनाडु की टीम का सामना सैयद मुश्ताक अली टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में रविवार को बड़ौदा से होगा जिसने मैदान से बाहर के विवादों को भुलाकर शानदार प्रदर्शन किया है। दिनेश कार्तिक की कप्तानी वाली तमिलनाडु टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण है। ग्रुप चरण से अब तक उसने कई बड़ी जीत दर्ज की है और टीम में कोई परेशानी नजर नहीं आई। दूसरी ओर केदार देवधर की कप्तानी में बड़ौदा ने कई एकतरफा मैच जीते। इसके अलावा हरियाणा को रोमांचक क्वार्टर फाइनल में हराया जिसमें विष्णु सोलंकी ने आखिरी गेंद पर हेलिकॉप्टर शॉट खेलकर जीत दिलाई थी। बड़ौदा का प्रदर्शन इसलिये भी अधिक प्रशंसनीय है क्योंकि उसके शीर्ष बल्लेबाज दीपक हुड्डा कप्तान कृणाल पंड्या से मतभेदों के कारण टीम छोड़कर चले गए थे। बाद में अपने पिता के निधन के कारण कृणाल को भी जाना पड़ा।
बड़ौदा अगर खिताब जीतती है तो छोटे प्रारूप में उसकी यह तीसरी राष्ट्रीय ट्रॉफी होगी। इसके लिये देवधर को अच्छी पारी खेलनी होीग जो अब तक 333 रन बना चुके हैं। उनके अलावा सोलंकी से भी बड़ी उम्मीदें रहेंगी जो सेमीफाइनल में नाकाम रहे थे। कार्तिक काकाडे के फॉर्म में लौटने से मध्यक्रम मजबूत हुआ है।गेंदबाजी में अतीत शेठ और लुकमान मेरीवाला ने प्रभावित किया है। बायें हाथ के स्पिनर भार्गव भट , निनाद राठवा और आफ स्पिनर कार्तिक काकाडे से भी उम्मीदें रहेंगी। मैच शाम सात बजे से शुरू होगा।