By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 12, 2026
सीरिया के कुर्द बहुल शहर में शनिवार को एक जेल में आग लगने के साथ ही वहां दंगा भड़क गया, जिसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सना के अनुसार, कोबानी जेल में कैदियों ने दंगा किया, जिसके बाद आग लग गई।
कोबानी पर करीब एक दशक पहले इस्लामिक स्टेट ने घेराबंदी की थी। बाद में यह अमेरिका समर्थित कुर्द अभियान का केंद्र बना, जिसने 2019 में चरमपंथी संगठन के कब्जे वाले अंतिम क्षेत्र को भी उससे छीन लिया। शुक्रवार को कुर्द समुदाय ने एक कुर्द व्यक्ति की हत्या के लिए अरबों को जिम्मेदार ठहराया, जिसके बाद कोबानी में दंगे हुए थे।
सीरिया के उत्तर-पूर्वी हिस्से को नयी दमिश्क सरकार के नियंत्रण में लाने की हालिया कोशिशों के बावजूद कुर्द अल्पसंख्यक और केंद्र सरकार के बीच तनाव बना हुआ है। अगस्त के अंत में अमेरिका समर्थित कुर्द नेतृत्व वाले सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेज के कमांडर ने संगठन के औपचारिक विघटन की घोषणा की थी।