By Prabhasakshi News Desk | Oct 09, 2024
ताइपे । चीन द्वारा बृहस्पतिवार को एक उपग्रह प्रक्षेपण की तैयारी के बीच ताइवान ने चीन से आने वाले दिनों में सैन्य अभ्यास में संयम बरतने का आग्रह किया है। उपग्रह प्रक्षेपण यान के ताइवान के निकट वायुक्षेत्र से होकर गुजरने की उम्मीद है। राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (एमएनडी) ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि चीन बृहस्पतिवार को अपने शीचांग उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से एक उपग्रह प्रक्षेपण यान (एसएलवी) का प्रक्षेपण करेगा। बृहस्पतिवार को ही ताइवान अपना ‘राष्ट्रीय दिवस’ मनाएगा।
मीडिया की खबरों में कहा गया कि ताइवान के राष्ट्रीय दिवस के बाद चीन ताइवान के निकट सैन्य अभ्यास शुरू कर सकता है। जवाब में चो ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चीन अपने अधिकार क्षेत्र में सैन्य अभ्यास करेगा, संयम बरतेगा और “क्षेत्रीय सुरक्षा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा को बाधित करने वाली” कार्रवाइयों से बचेगा। चो ने कहा, “ताइवान तैयार रहेगा।” उन्होंने कहा कि वह सेना से प्रक्षेपण के बारे में जानकारी एकत्र करने और प्रक्रिया की निगरानी करने को कहेंगे, ताकि इससे जनता के लिए कोई खतरा पैदा न हो। उन्होंने यह भी वचन दिया कि राष्ट्रीय दिवस से पहले देश अपनी सुरक्षा को मजबूत करेगा और लोग राष्ट्रीय सुरक्षा के बारे में निश्चिंत रह सकते हैं।