सुशासन की स्थापना को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाएं : योगी आदित्‍यनाथ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 26, 2022

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार के लगातार दूसरी बार पदारूढ़ होने के दूसरे दिन शनिवार को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने राज्य के शीर्ष अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय कीऔर राज्‍य में सुशासन की स्थापना को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने अपने नवगठित मंत्रिमंडल के 52 सदस्यों के साथ शुक्रवार को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में लगातार दूसरी बार शपथ ली थी और आज यहां योजना भवन में मुख्य सचिव, अध्यक्ष राजस्व परिषद, कृषि उत्पादन आयुक्त, अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों तथा सचिवों के साथ बैठक कर उन्हें अपनी दूसरी पारी के शासन को और बेहतर बनाने की जिम्मेदारी सौंपी।

इसे भी पढ़ें: चेन्नई हवाई अड्डे पर 1.14 करोड़ रुपये मूल्य के सोने की तस्करी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ के अपने पुराने नारे पर जोर देते हुए योगी ने कहा कि इसे प्रभावी ढंग से जारी रखा जाए और शासन की योजनाओं की आमजन तक पहुंच को और व्यापक बनाने के लिए तकनीक का व्यापक स्तर पर समावेश किया जाए। अधिकारियों-कर्मचारियों को समय से दफ्तर पहुंचने, कार्यों के त्वरित निस्तारण, पूरी तरह ई-आफ‍िस को लागू करने के साथ ही मुख्‍यमंत्री ने ग्राम सचिवालय की कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ किये जाने तथा पंचायत सहायकों के तैनाती कार्य को पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व, पंचायती राज और ग्राम्य विकास के ग्राम स्तरीय कर्मियों द्वारा ग्राम प्रधान के समन्वय से ग्राम चौपाल आयोजित की जाए और इसके माध्यम से ग्रामीण जनता की स्थानीय समस्याओं का समाधान कराया जाए।

भारत सरकार से आने वाले पत्रों का उत्‍तर एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से देने और जिलों में नोडल अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने की हिदायत के साथ उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान अधिकारी जनता से संवाद कायम करें और मिले फीडबैक के आधार पर अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन यूएस डॉलर बनाने के लिए 10 प्राथमिक सेक्टरों को चिह्नि किया जाए और उसकी नियमित समीक्षा की जाए। मुख्य सचिव द्वारा साप्ताहिक समीक्षा तथा स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा इस सम्बन्ध में पाक्षिक समीक्षा की जाएगी।

प्रमुख खबरें

Ketan Agarwal Murder | कुंडली के 27 गुण भी नहीं टाल सके त्रासदी! सिया गोयल ने परिवार से कहा- चेतन से रिश्ता खत्म, पीठ पीछे रची केतन की हत्या की साजिश

यूरोप में जानलेवा गर्मी की लहर के कारण स्पेन और फ्रांस में 2,000 से ज़्यादा लोगों की मौत, बिजली कटौती और पानी की किल्लत से लोग परेशान

Uddhav गुट में भगदड़ के बाद घर में घमासान, Sanjay Raut बोले- Leadership पर आत्म-मंथन जरूरी

भारत की कूटनीतिक जीत! US ने Russia से लिंक पर 4 भारतीय कंपनियों से हटाए Sanctions