विकास की राजनीति की बातें (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | May 24, 2024

कुछ दिनों के लिए फिर चर्चा हो रही है कि चारों दिशाओं का विकास करने के सच्चे वायदों की बारिश में कई चुनाव बह गए लेकिन पर्यावरण मुद्दा नहीं बना। चौराहों पर मूर्तियां सज रही हैं। स्थानीय नेताजी के निकट संबंधी विकासजी ने सड़क में डिवाइडर बनवा दिया है जो जनता की सुविधा के लिए था लेकिन जनता और पुलिस परेशान होने लगी है। उखड़ी हुई सड़क पर ईमानदारी की बजरी और तारकोल डाला गया है। किनारे लगे कुछ पेड़ विकासजी की सेना ने उखाड़ दिए कुछ बिजली की तार में उलझ कर मर गए। 

लोकप्रिय नेताजी ने कहा, काम करने का तरीका सुधर रहा है और हम विकास की राजनीति करते हैं, वोटों की नहीं। स्वच्छता जैसे पवित्र विचार पर बहस नहीं करते। गंगा को हमने मां माना है उन पर हम गंदी राजनीति क्यूं करें। इंसान तो छोड़ो, हम तो जानवरों को बचाने के लिए कितने ईमानदार प्रयास करते हैं। इन प्रयासों का न्यूज़ विद फोटो छपवाते हैं ताकि दूसरों को प्रेरणा मिले। जानवरों की जान बचाने के लिए हमने सख्त से सख्त कानून बना दिए हैं जिन्हें ईमानदारी से लागू किया गया है। 

इसे भी पढ़ें: डिब्बे से स्मार्ट तक (व्यंग्य)

हमने समाज को हमेशा महापुरुष नायकों के बताए रास्ते पर चलने के लिए प्रोत्साहित किया और हम उनके बताए गए रास्तों पर राजनीति नहीं करते। हम देश के बुद्धिजीवियों द्वारा जगाई गई सामाजिक चेतना की कद्र करते हैं। हारे हुए विरोधी नेता अपने आप को धरतीपुत्र कहते हैं, जिन्होंने हमेशा बेरोजगारी, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य संस्थानों समेत मूलभूत इंसानी सुविधाओं पर राजनीति की। इन्होंने सही ढंग से कभी राजनीति नहीं की, दरअसल इन्हें राजनीति करनी ही नहीं आती। राजनीति तो हमें आती है तभी तो जनता ने हमें जिताया था और हमने बढ़िया सरकार बनाई भी और चलाई भी। 

हमने जाति पर राजनीति कभी नहीं की। हम सिर्फ उदघाटन पट्ट लगवाने की राजनीति नहीं करते बल्कि जहां इन्होंने अपने नाम के महंगे पट्ट लगवाए वो काम भी हमने पूरे करवाए। यही तो है हमारी काम करवाने की राजनीति। इन्हें तो यह भी समझ नहीं आता कि हमने अपने प्रयासों से धर्म को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। हम ध्रुवीकरण की राजनीति तो कतई नहीं करते। हमें पता है ऐसा करना देश के लिए खतरनाक होता है। हमें ऐसा करने की ज़रूरत भी क्या है। हमारे विराट विचार, चमकते सच, राष्ट्रप्रेम, मानवप्रेम व धर्म निरपेक्षता से ओतप्रेत हैं। यही तो हमारी विकासपरक सफल राजनीति है। 

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

Microsoft में फिर चली छंटनी की तलवार, Xbox और Sales विभाग से 4800 Employees निकाले गए

Virat Kohli के Test Retirement पर बोले Kapil Dev- यह फैसला जल्दबाजी में लिया गया

Ishan Kishan का बड़ा खुलासा, बोले- England के खिलाफ उन दो Free Hit ने हमसे छीन लिया पूरा Match.

Cristiano Ronaldo ने Retirement की अटकलों पर लगाया फुल स्टॉप, कहा- फैसला मैं खुद करूंगा