Jan Gan Man: Supreme Court के आदेश के बाद भी हिंदुओं की राह में रोड़े क्यों अटका रही Tamil Nadu सरकार?

By नीरज कुमार दुबे | Nov 24, 2026

तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम की पहाड़ी पर एक दीपक जलाने का विवाद आखिर इतना बड़ा कैसे हो गया कि हिंदुओं को अपनी धार्मिक परंपरा के निर्वहन के लिए अदालतों का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है? भगवान मुरुगन के प्राचीन मंदिर से जुड़ी कार्तिगई दीपम की परंपरा पर आखिर ऐसी कौन-सी अड़चनें खड़ी हो गई हैं कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं लगातार विवाद के केंद्र में बनी हुई हैं? क्या एक पारंपरिक दीपस्तंभ पर दीपक जलाने से वास्तव में इतनी बड़ी कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है कि प्रशासन को धार्मिक आयोजन रोकने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेशों का सहारा लेना पड़े? और सबसे बड़ा सवाल, क्या तमिलनाडु में हिंदुओं की आस्था और धार्मिक अधिकारों को प्रशासनिक फैसलों के आगे लगातार कमजोर किया जा रहा है?

हम आपको बता दें कि मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित भगवान सुब्रमण्य स्वामी मंदिर दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। इसी पहाड़ी पर हजरत सुल्तान सिकंदर बदुशा औलिया की दरगाह भी स्थित है। विवाद पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में मौजूद एक प्राचीन पत्थर के स्तंभ को लेकर है, जिसे हिंदू श्रद्धालु 'दीपथून' यानी दीपस्तंभ मानते हैं। श्रद्धालुओं की मांग है कि कार्तिगई दीपम के अवसर पर इस स्तंभ पर पारंपरिक दीपक जलाने की अनुमति दी जाए। आखिर जिस धार्मिक परंपरा को निभाने की मांग श्रद्धालु कर रहे हैं, उसे पूरा करने में प्रशासन को इतनी परेशानी क्यों हो रही है?

इसे भी पढ़ें: Karthigai Deepam विवाद पर Tamil Nadu के CM विजय ने बुलाई शीर्ष अधिकारियों की बैठक

इस विवाद का इतिहास भी काफी पुराना है। वर्ष 1920 में पहाड़ी के स्वामित्व को लेकर मुकदमा दायर हुआ था। 1923 के अदालती फैसले में पहाड़ी के बड़े हिस्से पर मंदिर के अधिकार को मान्यता दी गई थी, जबकि दरगाह के आसपास के कुछ हिस्से मुस्लिम पक्ष के अधिकार में माने गए। वर्ष 1996 में मद्रास हाईकोर्ट ने कार्तिगई दीपम जलाने के लिए पहाड़ी के निचले हिस्से में स्थित दीप मंडपम को निर्धारित किया था। इसके बाद दशकों तक वहीं दीप प्रज्ज्वलित किया जाता रहा। लेकिन श्रद्धालुओं का सवाल है कि क्या पहले से निर्धारित स्थान पर दीप जलाने की व्यवस्था का अर्थ यह है कि पहाड़ी पर मौजूद प्राचीन दीपस्तंभ पर धार्मिक अनुष्ठान की मांग हमेशा के लिए समाप्त हो गई?

हम आपको याद दिला दें कि दिसंबर 2025 में यह विवाद निर्णायक मोड़ पर पहुंचा था। मद्रास हाईकोर्ट के एकल न्यायाधीश ने श्रद्धालुओं की याचिका पर दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देते हुए मंदिर प्रशासन को पुलिस सुरक्षा के साथ परंपरा निभाने का निर्देश दिया। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था की आशंका जताई और आदेश के क्रियान्वयन में कठिनाइयां पैदा हुईं। इसके बाद मामला फिर अदालत पहुंचा। 6 जनवरी 2026 को मद्रास हाईकोर्ट की खंडपीठ ने भी दीपस्तंभ पर दीप जलाने के निर्देश को बरकरार रखा। अदालत ने यह भी माना कि सीमित संख्या में मंदिर के अधिकृत प्रतिनिधियों को पहाड़ी पर जाकर दीप जलाने से कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को आधार बनाकर धार्मिक अनुष्ठान नहीं रोका जाना चाहिए।

इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ। तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी। सरकार की ओर से दलील दी गई कि दीपस्तंभ पर दीप जलाने की स्थापित परंपरा नहीं रही है और इससे दूसरे विवाद भी पैदा हो सकते हैं। सवाल यह है कि जब हाईकोर्ट ने दीपस्तंभ को धार्मिक महत्व वाला ढांचा माना और सीमित व्यवस्था के तहत दीप जलाने की अनुमति दी, तब सरकार को इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने की जरूरत क्यों महसूस हुई? क्या श्रद्धालुओं की मांग पर विचार करने के बजाय उसे कानूनी विवाद में उलझाए रखना ही प्रशासन की प्राथमिकता बन गया?

हम आपको यह भी याद दिला दें कि दीपम विवाद की कीमत एक श्रद्धालु को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। मदुरै के 40 वर्षीय पूर्णचंद्रन ने दिसंबर 2025 में दीपथून पर कार्तिगई दीपम नहीं जलाए जाने से आहत होकर आत्मदाह कर लिया था। बाद में उनकी मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे तमिलनाडु में धार्मिक और राजनीतिक हलचल पैदा कर दी थी। 1 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब मदुरै पहुंचे तो उन्होंने तिरुपरनकुंद्रम मंदिर में दर्शन करने के साथ पूर्णचंद्रन के परिवार से मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री ने उनकी पत्नी इंदुमति और बच्चों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और इस घटना के लिए तमिलनाडु की तत्कालीन डीएमके सरकार की संवेदनहीनता को जिम्मेदार ठहराया था। मोदी ने कहा था कि इस युवा श्रद्धालु की मौत ने उनके मन को गहरा दुख पहुंचाया है। सवाल यह है कि जिस धार्मिक आस्था से जुड़ा विवाद एक व्यक्ति की जान ले चुका है, उस पर भी राज्य सरकार का रुख आखिर इतना कठोर क्यों बना हुआ है?

ताजा मामला यह है कि 20 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश दिया है। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम के अवसर पर दीपथून पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी है। हालांकि अदालत ने साफ किया कि यह अनुमति केवल एक बार के लिए है और इससे भविष्य में किसी स्थायी धार्मिक, परंपरागत या संपत्ति संबंधी अधिकार की मान्यता नहीं मिलेगी। दीप जलाने का काम केवल अधिकृत मंदिर प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी में होगा। आम श्रद्धालुओं को वहां जाने की अनुमति नहीं होगी।

लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। तमिलनाडु सरकार के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग ने सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल कर इस एकमुश्त अनुमति पर रोक लगाने की मांग की। सरकार का तर्क है कि एक बार दीप जलाने की अनुमति लागू हो गई तो उसके परिणामों को बाद में पलटना संभव नहीं होगा।

यानी 24 नवंबर को दीप जलाने की अनुमति मिलने के बाद भी उसे रोकने की कानूनी कोशिश जारी है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर एक दीपक से इतनी बेचैनी क्यों? जब अदालत ने सुरक्षा, पुरातात्विक संरक्षण और सीमित लोगों की मौजूदगी जैसी शर्तें लगा दी हैं, तब भी आपत्ति क्यों? क्या हिंदू श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना प्रशासन के लिए इतना कठिन है? क्या हर बार हिंदुओं को अपनी आस्था के अधिकार के लिए अदालतों की शरण में जाना पड़ेगा?

बहरहाल, तिरुपरनकुंद्रम का दीपम विवाद अब केवल एक पहाड़ी पर दीपक जलाने का मामला नहीं रह गया है। यह उस बड़े सवाल का प्रतीक बन गया है कि क्या हिंदुओं को अपनी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करने के लिए भी बार-बार कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ेगी? जिस दीपोत्सव का उद्देश्य अंधकार को दूर करना और आस्था का प्रकाश फैलाना है, उसके लिए इतनी लंबी कानूनी लड़ाई आखिर किस व्यवस्था की तस्वीर पेश करती है? और क्या तमिलनाडु सरकार के पास इन सवालों का कोई संतोषजनक जवाब है?

-नीरज कुमार दुबे

प्रमुख खबरें

Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर दान करने से होती है पुण्य की प्राप्ति

पूर्व PM Sheikh Hasina की 16 दिसंबर को Bangladesh लौटने की तैयारी, विमान की मांग की

मदुरै के Thirupparankundram में निषेधाज्ञा लागू, 5600 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

Mahadev Betting App मामले में वकील गिरफ्तार, ED को 28 नवंबर तक मिली हिरासत