Karthigai Deepam विवाद पर Tamil Nadu के CM विजय ने बुलाई शीर्ष अधिकारियों की बैठक

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सचिवालय में शीर्ष कानूनी और पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। उच्चतम न्यायालय द्वारा तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति देने के बाद राज्य सरकार ने अपने कदमों पर विचार-विमर्श किया। सरकार ने इस आदेश के खिलाफ शीर्ष अदालत में पुनर्विचार याचिका दायर की है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को यहां सचिवालय में शीर्ष कानूनी और पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में मदुरै के तिरुपरंकुंद्रम में पहाड़ी पर स्थित स्तंभ पर कार्तिगई दीपम का दीपक जलाने की अनुमति देने संबंधी उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश के बाद राज्य सरकार के अगले कदमों पर चर्चा की गई। बैठक में कानून मंत्री आर. निर्मल कुमार, महाधिवक्ता विजय नारायण और पुलिस महानिदेशक महेश कुमार अग्रवाल शामिल हुए।
इसमें मंगलवार को होने वाले त्योहार से पहले कानूनी और सुरक्षा संबंधी उपायों पर चर्चा की गई। उच्चतम न्यायालय ने अंतरिम आदेश जारी कर कार्तिगई दीपम के अवसर पर एक दिन के लिए पहाड़ी पर स्थित स्तंभ पर दीपक जलाने की अनुमति दी थी। इसके बाद तमिलनाडु सरकार ने उच्चतम न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर की।
हालांकि, सोमवार को इस याचिका पर सुनवाई सूचीबद्ध नहीं थी। इस बीच, त्योहार से पहले मदुरै में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और तिरुपरंकुंद्रम में 100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस उपायुक्त ए. जी. इनिगो दिव्यन ने कड़ी निगरानी के बीच पहाड़ी के शीर्ष पर, दरगाह और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
राज्य सरकार के कदम का समर्थन करते हुए वीसीके नेता और राज्य मंत्री वन्नी अरासु ने पुनर्विचार याचिका दायर किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व में संविधान के अनुरूप धर्मनिरपेक्षता की रक्षा की दिशा में अहम कदम बताया। चेन्नई में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि वीसीके प्रमुख थोल तिरुमावलवन पहले ही इस फैसले का स्वागत कर चुके हैं और दिन में बाद में मदुरै में शांति सभा में शामिल होंगे।
वन्नी अरासु ने कहा कि श्रद्धालुओं की परंपरा निर्धारित स्थान पर दीपक जलाने की रही है और सरकार केवल लोगों की आवाज उठा रही है। तमिलनाडु सरकार पर उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं करने के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने सवाल किया कि क्या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शबरिमला अयप्पा मंदिर से जुड़े उच्चतम न्यायालय के फैसले को स्वीकार किया और उसका सम्मान किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनिंदा मुद्दों पर ही अपनी बात रखती है।
अरासु ने विपक्ष के नेता के इस आरोप को भी खारिज कर दिया कि छह महीने पुरानी टीवीके सरकार ने तमिलनाडु को 100 साल पीछे धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि तिरुपरंकुंद्रम विवाद पर मौजूदा सरकार ने वही रुख अपनाया है, जो पिछली सरकार ने अपनाया था। भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन की इस टिप्पणी पर कि राज्य सरकार दीपथून (दीप स्तंभ) पर दीपक जलाने को लेकर इतना परेशान क्यों है, वन्नी अरासु ने कहा कि विवाद पारंपरिक स्तंभ के बजाय सर्वेक्षण के पत्थर पर दीपक जलाने की मांग को लेकर है।
उन्होंने भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और संघ परिवार पर तनाव, हिंसा और सांप्रदायिक अशांति पैदा करने की कोशिश करने तथा हिंदू श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया।
अन्य न्यूज़














