Karthigai Deepam विवाद पर Supreme Court पहुंची तमिलनाडु सरकार, स्तंभ पर दीप जलाने के HC आदेश पर रोक की मांग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय में दलील दी कि तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दरगाह के पास स्थित एक पाषाण स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम दीपक जलाने की अनुमति देने से देश भर में हजारों सर्वेक्षण स्तंभ धार्मिक स्वरूप हासिल कर सकते हैं। मदुरै के जिलाधिकारी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ के समक्ष मद्रास उच्च न्यायालय के निर्देश पर रोक लगाने का अनुरोध करते हुए यह कहा। शंकरनारायणन ने कहा, एक राज्य के रूप में हमें डर है कि अगर इस फैसले पर रोक नहीं लगाई गई तो इन सभी स्तंभों को धार्मिक रंग दे दिया जाएगा और लोग ऐसी गतिविधियां शुरू कर देंगे।

अदालत के अधिकार क्षेत्र का विस्तार नहीं होना चाहिए, अन्यथा देश में हजारों सर्वेक्षण स्तंभ धार्मिक स्वरूप लेने लगेंगे। सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह समिति की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता हुजेफा अहमदी ने दलील दी कि उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने उन्हें उच्च न्यायालय के नियमों के अनुसार जवाब दाखिल करने के लिए पर्याप्त समय दिए बिना आदेश दे दिया। अहमदी ने कहा कि उच्च न्यायालय के एकल न्यायाधीश ने आदेश देने से पहले दरगाह को सूचना दिए बिना स्थल का दौरा किया था।

मामले में बृहस्पतिवार को भी सुनवाई जारी रहेगी। राज्य सरकार ने मंगलवार को तत्काल अंतरिम राहत का हुए कहा था कि इस साल 24 नवंबर को होने वाला कार्तिगई दीपम उत्सव नजदीक आ रहा है और यदि उच्च न्यायालय के निर्देश पर रोक नहीं लगाई गई तो विवादित स्थल पर दीपक जलाना होगा। राज्य सरकार की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता जयदीप गुप्ता ने कहा था कि दीपाथून के नाम से जाने जाने वाले पाषाण स्तंभ पर औपचारिक दीपक जलाने की कोई स्थापित प्रथा नहीं है।

मदुरै स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम उत्सव को लेकर विवाद इस बात पर केंद्रित है कि तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपम कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए। दशकों से पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में दीपम जलाया जाता रहा है। हिंदू संगठनों ने पहाड़ी पर इससे ऊंचाई पर स्थित प्राचीन पत्थर के दीप स्तंभ दीपाथून पर दीपक जलाने की अनुमति मांगी थी।

यह स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है।

प्रमुख खबरें

Arshdeep Singh की ICC ODI Rankings में 12 पायदान की छलांग, अक्षर के साथ 19वें स्थान पर

Azam Khan को कोर्ट से मिली थी राहत,18 दिन बाद आए जेल से बाहर

बंदे से हथौड़े से फोड़ा US का C-130 Hercules प्लेन, 500 करोड़ की चपत

Delhi Bullion Market में Gold Price 2800 रुपये लुढ़का, सातवें दिन भी भारी मंदी