By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग पर देश को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया तथा लोगों से एकजुट होकर आतंकवाद, हत्याओं और चुनाव में धांधली की राजनीति को फिर से शुरू करने की कोशिश करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देने की अपील की। भारत की सीमा से सटे उत्तर-पश्चिमी जिले लालमोनिरहाट में बृहस्पतिवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए रहमान ने आरोप लगाया कि अवामी लीग के समर्थक देश में अशांति फैलाने के लिए आगजनी और हत्याओं का सहारा ले रहे हैं। हसीना की पार्टी की ओर से बृहस्पतिवार को आयोजित देशव्यापी बंद के दौरान कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं हुईं।
सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के अनुसार, रहमान ने कहा, देश की जनता जबरन गुमशुदगी, हत्याओं, आगजनी, आतंकवाद और लोगों के मतदान के अधिकार छीनने वाली राजनीति की ओर लौटना नहीं चाहती। आइए, हम एकजुट होकर आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दें, ताकि वे दोबारा कभी बांग्लादेश और उसके लोगों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न कर सकें। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब देश के सात जिलों में आगजनी, देसी बम विस्फोट और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद अर्धसैनिक बलों के करीब 3,000 जवानों को तैनात किया गया है।
इन घटनाओं के कारण देश के कई हिस्सों में परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि अवामी लीग की सरकार ने न केवल देश और जनता के हितों की अनदेखी की, बल्कि सीमा पार अपने आकाओं के हितों की भी सेवा की। उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया।
रहमान ने कहा, देश से भागने के बाद भी उन्होंने एक बार फिर आगजनी और लोगों की हत्या की राजनीति शुरू कर दी है। वे पीछे से लोगों पर हमला कर रहे हैं और उनकी हत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा, अब बहुत हो चुका।
हमें इन आतंकवादियों, आगजनी करने वालों और हत्यारों को स्पष्ट जवाब देना होगा। 79 वर्षीय हसीना पांच अगस्त, 2024 को छात्र आंदोलन के कारण अपनी सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं और तब से भारत में रह रही हैं। अवामी लीग ने बृहस्पतिवार को सुबह से शाम तक बंद का आह्वान किया था।
यह फैसला सरकार द्वारा हसीना को दिसंबर में स्वैच्छिक रूप से बांग्लादेश लौटने की योजना के लिए पासपोर्ट देने के उनके अनुरोध को खारिज किए जाने के बाद लिया गया। बंद की तारीख पिछले साल विशेष न्यायाधिकरण द्वारा सुनाए गए उस फैसले की वर्षगांठ के साथ भी मेल खाती है, जिसमें हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में उनकी अनुपस्थिति में सुनवाई के बाद मौत की सजा सुनाई गई थी। उन पर अपनी सरकार के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आरोप था।
हसीना ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों और न्यायाधिकरण की कार्यवाही को खारिज किया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद संदिग्ध अवामी लीग कार्यकर्ताओं ने चटगांव में अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पैतृक आवास में आग लगा दी। अधिकारियों के अनुसार, गोपालगंज जिले के काशियानी में प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस थाने, एक सांसद के आवास और उनके रिश्तेदारों एवं समर्थकों के कई घरों में आग लगाई।
ढाका में सुबह होने से पहले देसी बम विस्फोट हुए। वहीं, नारायणगंज, मैमनसिंह और राजशाही में अलग-अलग घटनाओं में अज्ञात लोगों ने खड़ी पांच बसों और एक ट्रक में आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि राजधानी में हिंसा की घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं।
बंद से पहले हुई अलग-अलग घटनाओं में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के दो नेताओं समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले रहमान ने बीएनपी के सांसदों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटने और प्रशासन पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने को कहा था, ताकि अवामी लीग के कार्यकर्ताओं का मुकाबला किया जा सके। इस बीच, बांग्लादेश ने भारत के साथ द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत हसीना को वापस भेजने की मांग दोहराई है, जबकि हसीना ने स्वेच्छा से बांग्लादेश लौटकर कानूनी कार्यवाही का सामना करने की इच्छा जताई है।
हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया था। 12 फरवरी को हुए चुनाव के बाद सत्ता में आई रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी सरकार ने भी इस प्रतिबंध को बरकरार रखा है।