Tata Steel ओडिशा में बनाएगी हाइड्रोजन, Utility Global के साथ मिलाया हाथ

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

इस्पात कंपनी टाटा स्टील ओडिशा के कलिंगनगर संयंत्र में उत्पादन के दौरान निकलने वाली गैस का इस्तेमाल कर हाइड्रोजन बनाने की परियोजना शुरू करेगी। कंपनी ने इसके लिए अमेरिका की यूटिलिटी ग्लोबल के साथ साझेदारी की है। टाटा स्टील ने कहा कि देश में इस तरह की यह पहली परियोजना होगी।

दोनों कंपनियां प्रस्तावित परियोजना के लिए संयुक्त रूप से फ्रंट-एंड इंजीनियरिंग एवं डिजाइन (एफईईडी) अध्ययन करेंगी और फिर उसके आधार पर टाटा स्टील का निदेशक मंडल निवेश के बारे में अंतिम निर्णय (एफआईडी) लेगा। प्रस्तावित संयंत्र की दैनिक उत्पादन क्षमता 10 टन हाइड्रोजन की होगी। इसमें यूटिलिटी ग्लोबल की एच2जेन प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जाएगा।

इस प्रौद्योगिकी के जरिये इस्पात उत्पादन प्रक्रिया के दौरान निकलने वाली गैस से उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार किया जाएगा। टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (प्रौद्योगिकी, शोध एवं विकास, नवीन सामग्री कारोबार) सुबोध पांडेय ने कहा, ‘‘इस्पात क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन घटाने वाली किसी भी तकनीक के लिए परिचालन वाले इस्पात संयंत्र की जटिलताओं और बड़े पैमाने पर काम करने में सक्षम होना जरूरी है। एच2जेन जैसी प्रौद्योगिकी मौजूदा बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल करते हुए उत्सर्जन घटाने का अवसर देती है।’’ यूटिलिटी ग्लोबल ने इस्पात संयंत्रों में उत्पन्न होने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड की अधिकता वाली गैस से उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन बनाने की एक विद्युत-रासायनिक प्रक्रिया विकसित की है।

कनाडा में एक इस्पात संयंत्र में ब्लास्ट फर्नेस से निकलने वाली वास्तविक गैस का इस्तेमाल कर इस तकनीक का परीक्षण किया जा चुका है। कंपनी ने कहा कि एफईईडी अध्ययन के बाद, निदेशक मंडल से निवेश की मंजूरी मिलने पर कलिंगनगर में हाइड्रोजन संयंत्र स्थापित कर उसका परिचालन शुरू किया जाएगा। यह पहल टाटा स्टील की कम कार्बन उत्सर्जन वाली इस्पात उत्पादन परियोजनाओं का हिस्सा है।

कंपनी ने 2045 तक शुद्ध रूप से शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है।

प्रमुख खबरें

Ballia में बाइक के लिए पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

44 साल की उम्र में तीसरी बार मां बनीं हॉलीवुड एक्ट्रेस Anne Hathaway, पति एडम शुलमैन संग किया बच्चे का स्वागत

44 साल की उम्र में तीसरी बार मां बनीं हॉलीवुड स्टार Anne Hathaway, पति Adam Shulman संग न्यूयॉर्क की सड़कों पर नवजात बच्चे के साथ आईं नजर

उत्तराखंड में Chardham Project के लिए भूमि अधिग्रहण 15 दिन में निपटाने के आदेश