बिहार में कोविड-19 जांच की संख्या बेहद कम, आग के खुद बुझने की उम्मीद कर रही सरकार: तेजस्वी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 13, 2020

नयी दिल्ली। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को आरोप लगाया कि बिहार में कोविड-19 के संबंध में हुई जांच की संख्या ‘‘बहुत कम’’ है, स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचा चरमराया हुआ है और चिकित्सकीय सामग्री की खरीद ‘‘बेहद धीमी’’ है। उन्होंने राज्य सरकार पर बिहार के प्रवासी मजदूरों को नजरअंदाज करने और उनके प्रति उदासीनता दिखाने का भी आरोप लगाया। इनमें से कई प्रवासी मजदूर कोविड-19 संक्रमण के कारण अन्य राज्यों से पैदल चलकर अपने घर लौटे हैं। यादव ने ‘पीटीआई’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि वैश्विक महामारी पर राज्य सरकार का अब तक का समग्र रवैया यही रहा है कि वह ‘‘आग के स्वत: ही बुझ जाने’’ की उम्मीद कर रही है। दिल्ली में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में भाग लेकर लौटे लोगों द्वारा बिहार के लोगों को खतरा होने के मामले में सवाल पूछे जाने पर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि वायरस धर्म, क्षेत्र, जाति, नस्ल या लिंग के आधार पर भेदभाव नहीं करता। उन्होंने कहा, ‘‘यदि किसी व्यक्ति या व्यक्तियों के समूहों ने कानून का उल्लंघन किया है तो उन्हें सजा दी जानी है, भले ही वे किसी भी धर्म में विश्वास रखते हों- भले ही वह निजामुद्दीन में तबलीगी जमात का कार्यक्रम हो, दिल्ली में मजनू का टीला गुरुद्वारा में फंसे श्रद्धालु हों, कांग्रेस सरकार गिरने के बाद मध्य प्रदेश में जश्न मना रहे भाजपा कार्यकर्ता हों, राम नवमी पर पूजा कर रहे श्रद्धालु हों या कर्नाटक में विधायक का जन्मदिन समारोह हो।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सरकार को उनकी पहचान करनी चाहिए और मैं उस कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों से भी सामने आकर प्राधिकारियों को इस बारे में सूचित करने की अपील करता हूं।’’ यादव ने इस महामारी को लेकर कोई ‘‘योजना नहीं बनाने’’ को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जांच की संख्या बहुत कम रही है। चिकित्सकीय बुनियादी ढांचा सुधारा नहीं गया है, चिकित्सकीय आपूर्ति समाप्त हो रही है और उनकी खरीदारी बहुत धीमी है।’’ उन्होंने कहा कि खाना और राशन जरूरतमंदों, गरीबों और कमजोर लोगों को नहीं मिल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बिहार में इस वायरस से कम से कम 64 लोग संक्रमित हो चुके है। 

इसे भी पढ़ें: बिहार में लॉकडाउन बना मौत का मातम, मां की गोद में बच्चे की रुक गयीं सांसें

प्रमुख खबरें

24 घंटे में... PM मोदी की तस्वीर से जुड़ा क्या है मामला, जिसपर सौरव दास-अभिजीत दीपके-आशुतोष रांका को हाईकोर्ट से मिला नोटिस

Switzerland-Delhi Flight: नशे में धुत्त पाया गया एयर इंडिया का को-पायलट, ड्यूटी से हटाकर भेजा भारत

यकीन नहीं हो रहा, Mushtaq Khan को याद कर भावुक हुए Rajpal Yadav

Vishwakhabram: Italy की संसद में Women Politicians ने Mini Skirts पहन कर जताया विरोध, दुनिया हैरानी से देखती रह गयी