तेलंगाना: जबरन वसूली के मामले में बीआरएस विधायक कौशिक रेड्डी गिरफ्तार, मिली जमानत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 22, 2025

 तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक पदी कौशिक रेड्डी को वारंगल पुलिस ने शनिवार तड़के कथित जबरन वसूली के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया लेकिन शाम को अदालत ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

विपक्षी बीआरएस ने दावा किया कि कौशिक रेड्डी के रिमांड का अनुरोध अदालत ने खारिज कर दिया। पुलिस ने बताया कि कौशिक रेड्डी पर एक खदान मालिक को धमकाने और उससे 25 लाख रुपये लेने तथा 50 लाख रुपये और मांगने का आरोप है। इस आरोप के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

बीआरएस के पूर्व सांसद और वकील बी विनोद कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि वारंगल की एक अदालत ने कौशिक रेड्डी की रिमांड खारिज कर दी और उन्हें निजी मुचलके पर जमानत दे दी।

विनोद कुमार ने कहा कि विधायक का प्रतिनिधित्व करने वाले वकीलों ने अदालत में दलील दी कि उनके खिलाफ कानून की धाराएं न्यायोचित नहीं हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारी ने बताया कि कानून की एक धारा खारिज कर दी गई और कौशिक रेड्डी को दो निजी मुचलके जमा करने पर जमानत मिल गई।

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव ने एक विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि कौशिक रेड्डी के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं क्योंकि उन्होंने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की ‘‘अवैध गतिविधियों’’ और मंत्रियों तथा सत्तारूढ़ कांग्रेस के नेताओं के भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं पर सवाल उठाया है। रामा राव ने विधायक की बिना शर्त रिहाई की मांग की।

प्रमुख खबरें

निकाय चुनाव जीतने के लिए केवल परिसीमन पर निर्भर है भाजपा: टीकाराम जूली

आईसीसी ने श्रीलंका से वापस लिया 2027 महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का अधिकार

नेपाल-चीन सीमा पर बाढ़ और भूस्खलन में फंसे महाराष्ट्र के 43 तीर्थयात्री सुरक्षित लौटे

थाईलैंड पर 94 रन की जीत के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शेफाली और दीप्ति को सराहा