By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026
तेलंगाना पुलिस ने व्हाट्सएप समूहों और शेयर बाजार में निवेश की फर्जी सलाह के जरिए एक व्यक्ति से ठगे गये 74 लाख रुपये की रकम के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस इस गिरोह के कथित सरगना महाराष्ट्र के दो लोगों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सलीम को आठ जून को उसकी सहमति के बिना एक व्हाट्सऐप समूह में जोड़ा गया था। पुलिस ने बताया कि इस समूह का संचालन कई लोग अलग-अलग मोबाइल नंबरों के जरिए कर रहे थे और इनमें से कुछ लोग खुद को वित्तीय विशेषज्ञ बताकर लोगों को निवेश की सलाह देते थे। शिकायतकर्ता से संपर्क करने के लिए एक दूसरे व्हाट्सएप समूह का भी इस्तेमाल किया गया, जिसे एक प्रतिभूति कंपनी के ग्राहक सेवा चैनल के रूप में पेश किया गया था।
पुलिस ने बताया, “समूह के एडमिन नियमित रूप से शेयर बाजार से जुड़ी सलाह, शेयर खरीदने और बेचने के सुझाव तथा बड़े सौदों की योजनाएं साझा करते थे। वे पांच से 50 प्रतिशत तक मुनाफा मिलने का दावा करते थे। इससे शिकायतकर्ता का भरोसा जीत लिया गया।” समूह के एक अन्य सदस्य ने खुद को निवेशक बताते हुए दावा किया कि वह नियमित रूप से मुनाफे की रकम निकाल रहा है।
इसके बाद शिकायतकर्ता को अपने मोबाइल नंबर से एक ट्रेडिंग ऐप पर पंजीकरण करने के लिए कहा गया। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने निर्देशों के अनुसार रुपये अंतरित कर दिए और बाद में उसे पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है और इस तरह उसे कुल 74 लाख रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान जांच अधिकारी ने बैंक खातों के विवरण और केवाईसी/खाता खोलने के फॉर्म से जुड़ी जानकारी की पड़ताल की, जिसमें पता चला कि ठगी की रकम एक बैंक खाते के जरिए अंतरित की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, “जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कमीशन के बदले ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे दूसरे खातों में भेजने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। खाताधारकों को लेनदेन की रकम पर 20 प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया गया था, जबकि खातों की व्यवस्था कराने वाले बिचौलियों को पांच प्रतिशत कमीशन मिलना था।” उन्होंने बताया कि आरोपियों ने बैंक खातों से जुड़ी जानकारियां एकत्र कीं और उन्हें गिरोह के सरगनाओं तक पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में हैदराबाद का एक निवासी भी शामिल है और उस पर आरोप है कि उसने कमीशन के बदले धोखाधड़ी की रकम प्राप्त करने के लिए अनजान लोगों और कमीशन एजेंटों से बैंक खाते जुटाए थे।
पुलिस की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, “मल्काजगिरी साइबर अपराध पुलिस ने ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी के मामले का पर्दाफाश किया है। इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से संपत्ति, नौ मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं।” पुलिस ने बताया कि सभी नौ आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए स्थानीय अदालत में पेश किया जा रहा है।