ठाणे में दिवाली पर आग की 11 घटनाओं के बाद रॉकेट और हवाई पटाखों पर लगा प्रतिबंध

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

ठाणे, नौ नवंबर महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दिवाली के दौरान हवाई पटाखों के कारण आग लगने की कई घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने सोमवार को रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले अन्य पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल की ओर से जारी निषेधाज्ञा तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और आठ जनवरी 2027 की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगी।

अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को ठाणे जिले में आग लगने की 11 घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा तथा लोगों की जान भी खतरे में पड़ी। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों, इमारतों की छतों, बालकनियों और पार्किंग स्थलों से रॉकेट छोड़ते देखा गया।

कुछ लोग तो हाथों से ही रॉकेट जला रहे थे। अपर जिलाधिकारी (निवासी) संदीप माने ने कहा, हवाई पटाखों के जलने के बाद उनके अवशेष रिहायशी इमारतों और ज्वलनशील पदार्थों पर गिरने से आग लगने के बढ़ते खतरों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जिले में सभी सार्वजनिक और निजी स्थानों, रिहायशी इलाकों तथा इमारतों की छतों पर रॉकेट और इसी तरह के उड़ने वाले पटाखों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, अन्य पारंपरिक पटाखों का इस्तेमाल मौजूदा कानूनों, स्थानीय निकायों के नियमों और न्यायिक दिशानिर्देशों के तहत जारी रहेगा।

अधिकारियों ने बताया कि नगर निकायों, पुलिस और दमकल विभाग को प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने तथा इसके बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। आवासीय सोसायटियों को भी अपने सदस्यों को इस आदेश की जानकारी देने को कहा गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख खबरें

NCW Chief Vijaya Rahatkar बोलीं, कानून अकेले नहीं बदल सकते समाज की मानसिकता

Lucknow Agra Expressway पर पलटी बस, 3 यात्रियों की मौत और 44 घायल

Punjab Stubble Burning: CAQM ने दर्ज किए 4459 मामले, 884 पर हुई FIR

Govardhan Puja पर बनाएं भंडारे वाली अन्नकूट की सब्जी, नोट करें यह आसान Recipe