मंदिर में मांस रखने का मामला : मुख्‍य आरोपी गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 14, 2022

कन्नौज (उत्तर प्रदेश), 14 अगस्त। कन्नौज के तालग्राम कस्बे के एक मंदिर में मांस फेंकने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष को हटवाने के लिए आरोपी ने मंदिर में मांस रखवाकर सांप्रदायिक उपद्रव की साजिश रची थी। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शनिवार को बताया कि मुख्य आरोपी चंचल त्रिपाठी ने पेशेवर कसाई को दस हजार रुपये का लालच देकर शिव मंदिर में प्रतिबंधित पशु का मांस रखवाया था।

सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी की तत्कालीन थानाध्यक्ष हरी श्याम सिंह से कुछ अन-बन थी जिस कारण वह थानाध्यक्ष को हटवाना चाहता था। उल्लेखनीय है कि तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव रसूलाबाद में एक खेत में बने शिव मंदिर में 16 जुलाई की सुबह कुछ अराजक तत्वों द्वारा कथित रूप से मांस का टुकड़ा फेंके जाने के विरोध में दोपहर को घटनास्थल के कुछ दूरी पर स्थित मांस की तीन दुकानों में आग लगा दी गई थी। इससे पहले घटना के विरोध में हिंदू संगठनों ने काफी देर तक तालग्राम—इंदरगढ़ मार्ग पर जाम लगाया।

एक ही समुदाय के कई लोगों के लकड़ी के खोखे फूंके गए। पुलिस इस घटना में पहले ही 17 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी हैं। पुलिस ने बताया कि छिबरामऊ रोड पर स्थित ईदगाह के पास से रसूलाबाद निवासी मंसूर कसाई को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में मंसूर ने पूरी घटना और उसके पीछे की मंशा का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मंसूर की निशानदेही पर पुलिस ने तीन छुरी, एक गड़ासा, एक कुल्हाड़ी बरामद की है।

मंसूर ने पुलिस को बताया कि रनवा गांव निवासी चंचल त्रिपाठी ने उसे दस हजार रुपये का लालच देकर मांस के टुकड़े मंदिर में रखने को कहा था। पुलिस के अनुसार, ‘‘मंसूर ने बताया कि तालग्राम के थाना प्रभारी हरी श्याम सिंह से चंचल त्रिपाठी की अनबन थी। वह चाहता था कि थाना प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो इसलिए उसने मंदिर में मांस के टुकड़े रखवाकर बवाल कराने की साजिश रची।’’ गौरतलब है कि तालग्राम में हुई घटना पर शासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक राजेश श्रीवास्तव, तालग्राम थाना प्रभारी हरी श्याम सिंह का स्थानांतरण कर दिया था।

प्रमुख खबरें

चीन का नया चंद्रमा मिशन, देशों के एक साथ काम करने का एक दुर्लभ उदाहरण

CBI ने Income Tax Officer को चार लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया

Czar Kasparov Taunt on Rahul Gandhi | एक राजनेता को अपने प्रिय खेल में शामिल होते हुए नहीं देख सकता, शतरंज के महारथी खिलाड़ी का राहुल गांधी पर तंज

Kerala: वायनाड के लोगों के उम्मीद, रायबरेली से जीत जाने के बाद भी हमें नहीं छोड़ेंगे राहुल गांधी