सत्ता की लोलुपता ने कांग्रेस को बनाया कमजोर

By योगेंद्र योगी | Feb 03, 2025

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव के दौरान गोहाना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर कांग्रेस गलती से भी हरियाणा में सत्ता में आ गई तो उसकी अंदरूनी कलह के कारण स्थिरता और विकास दांव पर लग जाएगा और यह राज्य को बर्बाद कर देगा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकारें 'अस्थिरता' के लिए जानी जाती हैं। मोदी ने कांग्रेस शासित कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि पिछले कुछ सालों में जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें बनीं, मुख्यमंत्री और मंत्री अंदरूनी कलह में शामिल रहे। मोदी ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान उसकी अंदरूनी कलह का भी जिक्र किया था। प्रधानमंंत्री मोदी का यह आरोप सही साबित हो रहा है। कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर कलह शीर्ष पर है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार सत्ता के लिए आपस में लड़ रहे हैं। एक ओर जहां भ्रष्टाचार को लेकर सीएम सिद्धारमैया घिरे हुए हैं और विपक्ष उनसे इस्तीफे की मांग कर रहा है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के कई नेता खुले तौर पर राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जता रहे हैं। राज्य के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच सीएम की कुर्सी को लेकर हुई खींचतान किसी से छिपी नहीं है।   

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस की विभाजनकारी राहों से जुड़े खतरे

कांग्रेसी नेता सतीश जारकीहोली के समर्थक उन्हें राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाने का अभियान चला रहे हैं। बेलागावी में सतीश के समर्थन में सोशल मीडिया से लेकर अखबारों के इश्तहारों तक प्रचार किया जा रहा है। बेलागावी में सतीश जारकीहोली के समर्थकों ने पद खाली होने पर उन्हें कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री बनाने की वकालत करते हुए एक अभियान शुरू किया है। यह अभियान सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रमुख अखबारों में विज्ञापन देकर उनके पक्ष में समर्थक एक कदम आगे बढ़ गए हैं। सतीश के समर्थक भी इस अभियान में बड़े पैमाने पर जुटे हैं। कर्नाटक के मंत्री एमबी पाटिल भी इस रेस में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी फैसला करती है तो सीनियर या जूनियर का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि एक दिन मैं जरूर इस सीएम पद पर काबिज हो जाउंगा। फिलहाल ये पद खाली नहीं है।

गौरतलब यह भी है कि कथित मुडा घोटाले समेत कई मामलों में सिद्धारमैया सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। विपक्ष लगातार उन पर इस्तीफे का दबाव बना रही है। विधानसभा में विपक्ष ने धरना तक दिया है। हालांकि, सिद्धारमैया अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते रहे हैं। कर्नाटक सत्तारूढ़ कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के अपने सहयोगियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि वे चुप रहें और निर्णय लेने का काम आलाकमान पर छोड़ दें। अपने आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर खरगे ने कहा, समय आने पर इस बारे में देखेंगे। आलाकमान इतना कमजोर नहीं है कि हम पार्टी के लिए एक-दो लोगों पर निर्भर रहें। कर्नाटक अकेला राज्य नहीं है, जहां कांग्रेस में सत्ता संघर्ष के हालात ने कांग्रेस को कमजोर बनाया है। 

मध्यप्रदेश में लगातार तीन विधानसभा चुनाव हारने के बाद चर्ष 2018 में सत्ता में वापसी की। लेकिन कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच विवाद के कारण साल 2020 में सरकार गिर गई। छत्तीसगढ़ में पांच साल तक चली रस्साकशी चली। वर्ष 2018 में सरकार बनने के बाद सीएम की कुर्सी को लेकर भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच खींचतान जारी रही। हिमाचल प्रदेश में सरकार वर्ष 2022 में चुनाव जीतने के बावजूद आलाकमान के फैसले में देरी की वजह से राज्य में सरकार गठन में बाधा आई। राजस्थान में सरकार साल 2018 में सत्ता में आने के बाद सीएम पद को लेकर गहलोत और पायलट के बीच विवाद बढऩे सरकार बाल-बाल बची थी। दरअसल लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता से अलग रहने की वजह से कांग्रेस पार्टी के नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं बढ़ रही हैं। 

क्षेत्रीय स्तर पर नेतृत्व के दावे करने वाले नेता अपने राज्यों में प्रभाव बनाने और मुख्यमंत्री पद को लेकर आपस में टकरा रहे हैं। राज्य में सरकार होने के बावजूद कई दिग्गज नेता खुलेआम अपनी महत्त्वाकांक्षाओं को लेकर विरोध दर्ज कर रहे हैं। इसके चलते पार्टी के भीतर खींचतान और गुटबाजी बढ़ रही है। कांग्रेस सरकारों में एक के बाद एक घोटालों और ग़लत निर्णयों ने सरकार की उपलब्धियों को बौना बना दिया। कांग्रेस आज यदि केंद्र की सत्ता से बाहर है और मात्र तीन राज्यों में सिमट कर रह गई है तो उसकी वजह कांग्रेस का सत्तालोलुप होना है। पार्टी के नेताओं को न कांग्रेस की परवाह है और न ही देश की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते रहते हैं और कांग्रेस उन्हें ग़लत साबित करने के लिए कुछ ख़ास नहीं कर रही है। कांग्रेस की सबसे बड़ी बाधा नेहरू-गांधी परिवार पर बहुत अधिक निर्भरता है। संगठन की अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के मामलों पर जब तक कांग्रेस सख्त रूख नहीं दिखाएगी तब तक देश में फिर से राज हासिल करना एक ख्वाब ही रहेगा।

- योगेन्द्र योगी

प्रमुख खबरें

Champions League: रेफरी का एक फैसला Arsenal पर पड़ा भारी, Atletico के खिलाफ जीता हुआ मैच हुआ ड्रॉ

Thomas Cup 2026 का असली रोमांच शुरू, Quarter Final में भारत समेत इन Teams पर सबकी नजर

Israel ने भारत को दिया बहुत बड़ा सीक्रेट, बदल जाएगा कश्मीर!

Chanakya West Bengal Exit Poll 2026: बंगाल में खिलेगा कमल,टुडे चाणक्य के पोल में बीजेपी को 192 सीटें मिलने का अनुमान