Kashmir से Kisan Andolan तक, पूर्व राज्यपाल Satyapal Malik की बगावत की कहानी कई बड़े संदेश देती है

By नीरज कुमार दुबे | Aug 05, 2025

जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का लंबी बीमारी के बाद आज एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। सत्यपाल मलिक के निजी स्टाफ ने यह जानकारी दी। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहने के अलावा गोवा, बिहार, मेघालय और ओडिशा के राज्यपाल के पदों पर रहे सत्यपाल मलिक का दोपहर एक बजकर 12 मिनट पर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। उनके स्टाफ ने बताया कि वह लंबे समय से अस्पताल के आईसीयू में थे और उनका विभिन्न बीमारियों का इलाज किया जा रहा था। यह भी महज संयोग रहा कि सत्यपाल मलिक का निधन उस दिन हुआ जब छह साल पहले 2019 में आज ही के दिन यानि 5 अगस्त को केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त कर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया था।

इसे भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन, RML अस्पताल में ली अंतिम सांस

वह उत्तर प्रदेश से लोकसभा और राज्यसभा सांसद रहे और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके थे। उनका कॅरियर दर्शाता है कि वह किसी एक विचारधारा से बंधे नहीं रहे, बल्कि समयानुसार राजनीतिक अवसरों को स्वीकार करते रहे— लेकिन कुछ मूल मुद्दों जैसे किसान, भ्रष्टाचार और पारदर्शिता पर उनका रुख अपेक्षाकृत स्थिर रहा। इसके अलावा, सत्यपाल मलिक ने बिहार, जम्मू-कश्मीर, गोवा और मेघालय के राज्यपाल के रूप में कार्य किया। लेकिन जम्मू-कश्मीर में उनका कार्यकाल सबसे अधिक चर्चित और विवादास्पद रहा। 2018 में उन्होंने राज्य में पीडीपी-कांग्रेस-एनसी गठबंधन को सरकार बनाने की अनुमति देने से इंकार कर दिया था जिससे राज्यपाल शासन लागू हुआ था और बाद में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा (अनुच्छेद 370) हटाया गया। सत्यपाल मलिक ने इस पूरे घटनाक्रम पर बाद में बयान देते हुए कहा था कि "दिल्ली से मुझे गठबंधन को रोकने के निर्देश मिले थे।" उन्होंने माना था कि निर्णय राजनीतिक दबाव में लिया गया, न कि संवैधानिक विवेक के आधार पर।

राज्यपाल पद से हटने के बाद सत्यपाल मलिक मोदी सरकार के सबसे मुखर आलोचकों में से एक बन गए थे। सत्यपाल मलिक ने बार-बार कहा कि मोदी सरकार ने किसानों को अपमानित किया और यदि सरकार ने समय पर बात सुनी होती, तो 700 से अधिक किसानों की जानें बचाई जा सकती थीं। उन्होंने पुलवामा हमले को लेकर यह गंभीर दावा किया था कि सीआरपीएफ जवानों को एयरलिफ्ट करने की मांग खारिज की गई थी, जिससे इतनी बड़ी संख्या में शहादत हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि "PMO भ्रष्टाचार पर आंख मूंद लेता है" और वहां सच सुनने की जगह नहीं बची है। मेघालय के राज्यपाल पद पर रहते हुए उन्होंने कथित रूप से एक बड़े टेंडर घोटाले को उजागर किया था।

बहरहाल, देखा जाये तो सत्यपाल मलिक की बातों को जहां सराहना मिली, वहीं उनकी मंशा पर भी सवाल उठे। उनके आलोचकों का कहना है कि उन्होंने राज्यपाल पद पर रहते हुए चुप्पी साधे रखी और पद से हटते ही मुखर हो गए, जो उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की ओर संकेत करता है। लेकिन उनके समर्थक इसे "भीतर से टूटा हुआ लेकिन सच्चा राष्ट्रवादी" कह कर देखते हैं, जिसने सत्ता की ताकत से न डरकर विवेक की आवाज बुलंद की।

प्रमुख खबरें

हम Kerala की A-Team हैं, Shashi Tharoor का बड़ा दावा- Congress जीतेगी 100 सीटें

CAG Report से Kejriwal के शीश महल का सच आया सामने, BJP बोली- Delhi की जनता का पैसा लुटाया, जारी किया Video

IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी का नहीं होगा आयोजन, BCCI ने इस कारण लिया बड़ा फैसला

Rajya Sabha में फिर भड़कीं SP MP Jaya Bachchan, टोका-टोकी पर बोलीं- बच्चे बैठ जाओ