America ने हूतियों को लाल सागर में जहाजों पर हमले बंद करने या फिर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 04, 2024

अमेरिका और 12 सहयोगी देशों ने बुधवार को हूती विद्रोहियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे लाल सागर में जहाजों पर हमले बंद करें अन्यथा संभावित सैन्य कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।

सहयोगी देशों की ओर से बुधवार को हमलों की निंदा करते हुए जारी किये गये एक संयुक्त बयान के तुरंत बाद व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर इस बारे में जानकारी दी। बयान पर अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, बहरीन, बेल्जियम, कनाडा, डेनमार्क, जर्मनी, इटली, जापान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, सिंगापुर और ब्रिटेन ने हस्ताक्षर किए।

इसके अलावा अमेरिका ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से हूतियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आह्वान किया और उनके वित्तपोषक ईरान को चेतावनी दी कि उसके पास विकल्प मौजूद है कि वह विद्रोहियों को समर्थन जारी रखे या नहीं।

देशों ने कहा, ‘‘अब हमारा संदेश स्पष्ट होना चाहिए। हम इन हमलों को तत्काल समाप्त करने और गैरकानूनी रूप से हिरासत में लिए गए जहाजों और चालक दल को रिहा करने का आह्वान करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर हूती जीवन, वैश्विक अर्थव्यवस्था और क्षेत्र के महत्वपूर्ण जलमार्गों में वाणिज्य के मुक्त प्रवाह को खतरे में डालना जारी रखते हैं तो परिणाम भुगतने के लिए खुद जिम्मेदार होंगे।’’

हाल के हफ्तों में हूतियों ने लाल सागर में उन जहाजों पर हमलों का दावा किया है जिनके बारे में उनका कहना है कि वे या तो इज़राइल से जुड़े हैं या इजराइली बंदरगाहों की ओर जा रहे थे।

हूतियों का कहना है कि उनके हमलों का उद्देश्य गाजा पट्टी में इजराइली हवाई और जमीनी हमले को खत्म करना है, जो दक्षिणी इजराइल में सात अक्टूबर को फलस्तीनी चरमपंथी समूह हमास के हमले के बाद शुरू हुआ था।

हूतियों के हमलों में अहम बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य से गुजरने वाले मालवाहक जहाजों को निशाना बनाया गया है। बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य एशिया और यूरोप को जोड़ता है।

अमेरिका और उसके सहयोगियों ने जहाज यातायात की सुरक्षा के लिए ‘ऑपरेशन प्रॉस्पेरिटी गार्जियन’ का गठन किया है और वर्तमान में अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन के युद्धपोत इस क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं।

रविवार को लाल सागर में एक मालवाहक जहाज पर हमले की घटना के बाद अमेरिकी हेलीकॉप्टर ने हूती विद्रोहियों पर गोलीबारी की, जिसमें उनमें से कई मारे गए।

प्रमुख खबरें

15 साल के Vaibhav Suryavanshi का List A Cricket में धमाका, 11 गेंदों में जड़ा Fastest Fifty का Record

Royal Family के सामने Curaçao ने रचा इतिहास, World Cup में Ecuador से Draw कर बटोरा पहला Point

अफवाहों पर ध्यान न दें, कॉन्फिडेंस से दें परीक्षा, NEET UG Re Exam से ठीक पहले छात्रों से बोले Dharmendra Pradhan

NTA के सख्त नियम और हाई सिक्योरिटी के बीच आज होगा NEET UG 2026 Re Exam