By अभिनय आकाश | Jul 11, 2019
विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली और झारखंड का मैच चल रहा था। धोनी बैटिंग कर रहे थे। मैच एकतरफा दिल्ली की ओर जा रहा था, लेकिन धोनी उसे खींच रहे थे। वह अकेले कब तक खींचते? लेकिन दिल्ली उन्हें आउट नहीं कर पाई। ये तो थी बीते दिनों की बात लेकिन भारतीय टीम विश्व कप सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के 240 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। शुरूआत में ही छह विकेट गंवाने के बाद रवींद्र जडेजा के आकर्षक पारी के बाद महेंद्र सिंह धोनी टीम को संकट से उबारने की कोशिश में लगे थे। इस दौरान महेंद्र सिंह धोनी दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से मार्टिन गुप्टिल के डायरेक्ट थ्रो पर रनआउट हो जाते हैं। धोनी के रन आउट होते ही भारत के विश्वकप जीतने की संभावनाएं भी खत्म हो जाती हैं। लेकिन क्रिकेट के मैदान पर कुछ ऐसा नजारा देखा गया जो अक्सर कम ही देखने को मिलता है। पवेलियन की ओर जाते हुए महेंद्र सिंह धोनी इमोशनल हो गए और उनके आंखों से आंसू निकल गए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मैच के बाद से ही यह कयास लगाए जाने लगे कि धोनी क्या क्रिकेट को अलविदा कह देंगे?
इसे भी पढ़ें: कोहली ने विश्व कप में IPL शैली का प्लेऑफ लाने का समर्थन किया
इसके अलावा पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "धोनी एक दिग्गज हैं। वह इस खेल के महान दूत हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर गिलक्रिस्ट ने कहा कि मुझे नहीं पता कि आप आगे कब तक खेलोगे लेकिन आपने जितना भी खेल को दिया उसके लिए आपका बहुत शुक्रिया। मैं आपके धीरज रखने के तरीके और खुद में विश्वास का कायल हूं।
देश के सबसे सफल कप्तानों में शुमार गांगुली ने कहा कि ऐसा कभी कभार होता है और मैं इससे ज्यादा चिंतित नहीं हूं। हां, धोनी पहले भी ऐसी स्थिति का सामना कर चुके हैं। धोनी के पास अनुभव की कोई कमी नहीं है ऐसे में उनकी बल्लेबाजी पर शक करना सही नहीं है। मैच के बाद टीम के कप्तान विराट ने कहा कि उन्होंने रिटायरमेंट को लेकर कुछ नहीं कहा है। धोनी टीम इंडिया के सबसे सफल बल्लेबाजों और कप्तानों में हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने आईसीसी के तीनों बड़े टूर्नामेंट विश्व कप, टी-20 विश्व कप और चैम्पियन्स ट्रॉफी जीती है।