जनता की आंखों में धूल झोंकने की बजाए स्वाभिमान की राजनीति होनी चाहिए: राजनाथ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 05, 2020

पूर्णिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्वी लद्दाख सीमा पर गतिरोध और पुलवामा हमले के मुद्दे पर आरोप लगाने के लिये विपक्ष पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि भारत की ताकत का एहसास सारी दुनिया में हो रहा है और जनता की आंखों में धूल झोंकने की बजाए स्वाभिमान की राजनीति की जानी चाहिए। राजनाथ सिंह ने आज पूर्णिया में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ जब हमारे पायलट अभिनंदन को पकड़ लिया गया था तब उसके बाद के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए पाकिस्तान के पूर्व स्पीकर ने वहां की संसद में इस बात का उल्लेख किया कि किस प्रकार वहां की सरकार ने कहा कि अभिनंदन को जल्दी छोड़ दो , वरना भारत नौ बजे हमला कर देगा।’’ केंद्रीय मंत्री ने पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध के मुद्दे पर कहा कि देश की सेना ने शौर्य एवं पराक्रम का परिचय दिया है और सभी को एकजुट होकर सेना का समर्थन करना चाहिए लेकिन यहां तमाशा बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान की राजनीति होनी चाहिए और जनता की आंखों में धूल झोंक कर राजनीति नहीं करनी चाहिए, बल्कि जनता की आंखों में आंखे डालकर राजनीति करनी चाहिए। 

इसे भी पढ़ें: बिहार की चुनावी रैलियों में राजनाथ ने गिलगित-बाल्तिस्तान, पुलवामा और सीएए का किया जिक्र

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि भारत की ताकत का एहसास सारी दुनिया में हो रहा, लेकिन इन सब पर राहुल गांधी के पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने इस बात को दोहराया कि भारत की एक इंच जमीन पर भी कोई कब्जा नहीं कर सकता। सिंह ने कहा, ‘‘बिहार में फिर से राजग पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। पंद्रह साल बाद भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की छवि पर कोई दाग नहीं है। पूरे बिहार को नीतीश कुमार पर भरोसा है।’’ उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के बिना भारत का विकास संभव नहीं है।

प्रमुख खबरें

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर

MP में OBC आरक्षण 14 फीसदी होने पर BJP ने कमलनाथ सरकार को घेरा