ऋषभ पंत के लिये होगी बड़ी परीक्षा, दिल्ली कैपिटल्स भिड़ेगी अय्यर की केकेआर से

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 09, 2022

मुंबई। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत के सामने रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में बड़ी चुनौती होगी जब उनकी टीम तालिका में शीर्ष पर चल रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सामने होगी जिसकी अगुआई उसके पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर कर रहे हैं। आईपीएल में दिल्ली की फ्रेंचाइजी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले अय्यर 2020 में टीम को फाइनल तक ले गये थे। लेकिन चोटिल होने के कारण वह पिछले सत्र के पहले हिस्से में नहीं खेल पाये जिससे उनकी जगह पंत को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी। और फिर दिल्ली की फ्रेंचाइजी ने 27 वर्षीय अय्यर को रिटेन भी नहीं किया जिससे केकेआर ने नीलामी में उन्हें खरीद लिया। अय्यर की कप्तानी में केकेआर चार मैचों में छह अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर चल रही है और उसे एकमात्र हार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर से मिली।

इसे भी पढ़ें: KKR के सामने होगा मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा, किसकी होगी जीत?

काफी विकल्पों के बावजूद गेंदबाजी इकाई मारक नहीं दिखी है जिसने गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ काफी रन लुटा दिये। मुस्तफिजुर रहमान उनके लिये शीर्ष प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज रहे हैं लेकिन अन्य उनका बखूबी साथ नहीं निभा सके। उनकी बल्लेबाजी इकाई भी इतनी मजबूत नहीं दिखी है जिसमें कप्तान पंत से फिर बल्ले से ज्यादा से ज्यादा रन जुटाने की उम्मीद है। टीम पृथ्वी साव और सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर से मजबूत शुरूआत कराने की उम्मीद करेगी क्योंकि उनके मध्यक्रम ने अभी तक कुछ कमाल नहीं किया है। साव ने लखनऊ की टीम के खिलाफ 34 गेंद में 61 रन बनाये थे। केकेआर की टीम का इस मैच से पहले मनोबल काफी बढ़ा हुआ है जिसने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस केा शिकस्त दी जिसमें पैट कमिंस ने 15 गेंद में 56 रन बनाये। पूर्व चैम्पियन केकेआर ऐसी मजबूत इकाई के रूप में खेल रही है जो किसी भी परिस्थिति का सामना करने में सक्षम है। उमेश यादव शानदार फॉर्म में हैं जिन्होंने पावरप्ले में प्रभावित किया है और आस्ट्रेलिया के कमिंस के साथ मिलकर उनका तेज गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है जो दिल्ली के गैर अनुभवी बल्लेबाजों को परेशानी में डाल सकता है। स्पिनर वरूण चक्रवर्ती और सुनील नारायण भी इसमें अहम योगदान दे सकते हैं।

वेंकटेश अय्यर ने पिछले मैच में बल्ले से अपनी चमक बिखेरी लेकिन अनुभवी अजिंक्य रहाणे को मुश्किल हो रही है जिससे देखना होगा कि टीम प्रबंधन कितने लंबे समय तक उन्हें मौका देता है। कप्तान अय्यर भी बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे। ब्रेबोर्न की पिच बल्लेबाजों के लिये कारगर रही है जिसमें ओस की दिन के खेल में कोई भूमिका नहीं होगी जिससे कप्तान पहले बल्लेबाजी करना चाहेंगे। टीम इस प्रकार हैं : कोलकाता नाइट राइडर्स: आरोन फिंच, अभिजीत तोमर, अजिंक्य रहाणे, बाबा इंद्रजीत, नितीश राणा, प्रथम सिंह, रिंकू सिंह, श्रेयस अय्यर, अशोक शर्मा, पैट कमिंस, रसिक डार, शिवम मावी, टिम साउदी, उमेश यादव, वरुण चक्रवर्ती, अमन खान, आंद्रे रसेल, अनुकुल रॉय, चमिका करुणारत्ने, मोहम्मद नबी, रमेश कुमार, सुनील नारायण, वेंकटेश अय्यर, सैम बिलिंग्स, शेल्डन जैक्सन। दिल्ली कैपिटल्स: ऋषभ पंत (कप्तान), अश्विन हेब्बार, डेविड वार्नर, मनदीप सिंह, पृथ्वी साव, रोवमैन पॉवेल, एनरिक नोर्किया, चेतन सकारिया, खलील अहमद, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुस्ताफिजुर रहमान, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, कमलेश नागरकोटी, ललित यादव, मिशेल मार्श, प्रवीण दुबे, रिपल पटेल, सरफराज खान, विक्की ओस्तवाल, यश धुल, केएस भरत और टिम सीफर्ट। मैच भारतीय समयानुसार तीन बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला