Odisha के ढेंकानाल में पर्यटक जोड़े से बदसलूकी और मारपीट, 3 लोग हिरासत में

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 22, 2026

ओडिशा के ढेंकानाल जिले में प्रसिद्ध कपिलाश मंदिर जा रहे एक युवा पर्यटक जोड़े के साथ मारपीट और यौन उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को तीन लोगों को पकड़ा है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किए गए एक वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामला दर्ज किया और दो भाइयों सहित कुल तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

ढेंकानाल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव सोनकर ने ‘पीटीआई-को बताया, ‘‘सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के संबंध में गोंदिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।’’ उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर अधेड़ उम्र के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि उनके खिलाफ प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिलने के बाद की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यौन उत्पीड़न, अश्लील कृत्य या गीत, और स्वेच्छा से चोट पहुंचाने से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 18 सितंबर को जब वे मंदिर से लौट रहे थे, तब शराब के नशे में धुत आरोपियों ने उन्हें और उनके दोस्त को रोका, उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। हालांकि, स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उस समय मामला सुलझ गया था। लेकिन शिकायतकर्ता के मुताबिक, तीनों पुरुषों ने बाद में उन्हें फिर रोका और उनका वीडियो बना लिया।

यह वीडियो क्लिप अगले दिन सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई। जब शिकायतकर्ता को इस वीडियो के बारे में पता चला, तो उसने सोमवार को चौद्वार थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। एसपी ने कहा, चौद्वार थाने से गोंदिया थाने में ‘जीरो-एफआईआर’ प्राप्त होने के बाद मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई है।

प्रमुख खबरें

UP Assembly Election 2027: गठबंधन में नेतृत्व को लेकर SP और Congress सांसदों में तकरार

Ports और Harbour प्रोजेक्ट्स के लिए Environmental Clearance की वैधता बढ़कर हुई 20 साल

Mastercard ने Pine Labs में अपनी पूरी 4.31 फीसदी हिस्सेदारी 933 करोड़ रुपये में बेची

Gujarat के Tapi में Torrent Group बनाएगा 800 Bed Hospital, 910 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजना शुरू