पाकिस्तान के पेशावर में आत्मघाती हमले में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 24, 2025

पाकिस्तान के पेशावर में सोमवार को एक अर्द्धसैनिक बल के मुख्यालय पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। शहर के पुलिस प्रमुख मियां सईद ने बताया कि संघीय कांस्टेबुलरी (एफसी) मुख्यालय में सेंध लगाने का प्रयास कर रहे तीन आत्मघाती हमलावर भी जवाबी गोलीबारी में मारे गए।

खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हमीद ने कहा, एफसी मुख्यालय के अंदर दो आत्मघाती विस्फोट हुए, एक मुख्य द्वार पर और दूसरा परिसर में स्थित मोटरसाइकिल स्टैंड के पास। मुख्य द्वार पर हुए शक्तिशाली विस्फोट से आसपास के आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में दहशत फैल गई तथा विस्फोट की आवाज काफी दूर तक सुनी गई।

अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियां और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं तथा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, हमले में तीन नागरिकों सहित पांच लोग घायल हो गए।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की और दोहराया कि प्रांतीय सरकार पुलिस और सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ दृढ़ता से खड़ी है।

‘सिविलियन पैरामिलिट्री फोर्स’ को पहले ‘फ्रंटियर कांस्टेबुलरी’ कहा जाता था। सरकार ने जुलाई में इसका नाम बदल दिया था। ‘डॉन’ अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, इस बल का मुख्यालय एक सैन्य छावनी के पास भीड़-भाड़ वाले इलाके में स्थित है।

प्रमुख खबरें

दिलीप घोष ने Kalyan Banerjee पर हमले को बताया नाटक, कहा यह सब उन्हें शोभा नहीं देता

RCB की जीत पर बधाई, पर IPL Final अहमदाबाद में होने पर Shivakumar ने लगाया बड़ा आरोप

पिछले साल 11 मौतों से लिया सबक, IPL Trophy जीतने के बाद भी RCB नहीं निकालेगी Victory March

बच्चों को Online खतरों से बचाने के लिए Malaysia का सख्त कानून, 16 साल से कम उम्र के लिए Social Media बैन