मध्य प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने ने के लिए 'टाइग्रेस ऑफ द ट्रेल'

By दिनेश शुक्ल | Nov 20, 2020

भोपाल। मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश में साहसिक एवं सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की गई प्रथम महिला बाइकिंग ट्रेल को फ्लेग ऑफ कर रवाना किया गया। पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने इस मौके पर कहा कि निर्भीक, निडर और सुरक्षित पर्यटन कहीं है तो देश के हृदय प्रदेश मध्य प्रदेश में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये विशेष नवाचार पर्यटन विभाग द्वारा किये जा रहे है। इसमें 'टाइग्रेस ऑफ द ट्रेल' एक ऐसा अनूठा नवाचार है जिसमें हमारी बाइकर्स बहनें सभी राष्ट्रीय उद्यानों का लुत्फ उठाएंगी। वहीं, दूसरी और पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार भी करेंगी। इस मौके पर विधायक नंदनी मरावी एवं प्रमुख सचिव पर्यटन शिवशेखर शुक्ला भी मौजूद रहे। 

इसे भी पढ़ें: कोरोना काल के चलते पहली बार ऑनलाइन होगा निरंकारी संत समागम

महिला बाइकर्स भोपाल से मढ़ई पहुँचकर सांध्यकालीन जंगल वॉक और बोट सफारी का आनंद लेंगी। अगले दिन 20 नवम्बर को मढ़ई से पेंच पहुँचकर जंगल सफारी, ग्रामीण अध्ययन, भ्रमण एवं हस्तशिल्प का अवलोकन करेंगी। शनिवार 21 नवम्बर को पेंच से कान्हा पहुँचकर जंगल सफारी, जनजातीय ग्राम भ्रमण, जनजातिय नृत्य और बर्ड वाचिंग का लुत्फ उठाएंगी। रविवार 22 नवम्बर को कान्हा से बांधवगढ़ पहुँचकर जंगल सफारी, बोनफायर म्यूजिक और तैराकी का आनंद लेंगी। सोमवार 23 नवम्बर को बांधवगढ़ से मैहर माँ शारदा के दर्शन कर पन्ना केन रिवरसाइड वॉक करेंगी। मंगलवार 24 नवम्बर को पन्ना से खजुराहो पहुँचकर विश्व धरोहर साइट और रनेह फॉल का अवलोकन करेंगी। इसी दिन खजुराहो से विश्व धरोहर साइट साँची होते हुए भोपाल आएंगी और 25 नवम्बर को भोपाल भ्रमण करेंगी।

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन दिल्ली तक स्पेशल ट्रेन

मंत्री उषा ठाकुर ने महिला बाइकर्स से परिचय प्राप्त कर उनको अंगवस्त्र से सम्मानित किया और उनकी हौसला अफजाई की। महिला बाइकर्स में मुम्बई की 31 वर्षीय एडविना डिसूजा, इटली की 35 वर्षीय सिलवाना, भुवनेश्वर की 43 वर्षीय अमिता सिंह, तमिलनाडू की 35 वर्षीय मीनाक्षी राव, इंदौर की 23 वर्षीय शीतल शर्मा, 24 वर्षीय कोमल मण्डलोई, 29 वर्षीय कीर्ति अलावा, 41 वर्षीय सुरभि भदौरिया, 21 वर्षीय अनुष्का जैन, 32 वर्षीय मीनाक्षी ठाकुर, पश्चिम बंगाल की 28 वर्षीय नीविया सिंह, पंजाब की 57 वर्षीय डॉ. नीता खाण्डेकर, पूणे की 24 वर्षीय मेघना पाटिल, पटना की 30 वर्षीय पूजा विक्रम और बैंगलौर की 24 वर्षीय सोनिया अधिकारे शामिल है।

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश की शहरी सुरक्षा को खतरा, काउंटर टेररिस्ट ग्रुप मुख्यालय भोपाल से बालाघाट स्थानांतरित

प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने कहा कि कोरोना के निराशाजनक माहौल में पर्यटन विभाग ने ऐसे आयोजन का निर्णय लेकर चुनौतियों में नया रास्ता खोजा है। प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं है। उन्होंने बताया कि प्रथम महिला बाइकिंग 'टाइग्रेस ऑफ द ट्रेल' एक ऐसा नवाचार है जिसमें प्रदेश के पर्यटन स्थलों की ख्याति को और अधिक बढ़ाया जाएगा। महिला बाइकर्स पर्यटन का आनंद लेकर जहां से भी गुजरेंगी वहां महिलाओं को भी आगे आने के लिये प्रेरित करेंगी। प्रमुख सचिव ने कहा कि मध्य प्रदेश में महिला बाइकर्स की यह पहली राइड हो रही है, जो 19 से 25 नवम्बर तक मध्य प्रदेश के पर्यटन क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देगी और उसका प्रचार-प्रसार करेंगी। ये सभी महिला बाइकर्स प्रदेश के लिये ब्रांड एम्बेसडर के रूप में काम करेंगी। इससे मध्य प्रदेश की राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय ख्याति बढ़ेगी। प्रमुख सचिव ने कहा कि महिला बाइकर्स 6 दिन में 1500 कि.मी. पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर मध्यप्रदेश के सुरक्षित वातावरण का संदेश देंगी।

प्रमुख खबरें

Hemant Soren के गांव Nemra में छात्र नेता की मुहिम का विरोध, सड़क जाम

Gaya और Bangkok के बीच IndiGo की सीधी उड़ानें, बिहार में बढ़ेगा पर्यटन और विकास

ED ने Cyber Fraud केस में मुंबई से 2 लोगों को किया गिरफ्तार, 30 हजार करोड़ के लेनदेन का शक

Russia में Jaishankar, China में Doval, Japan में Piyush Goyal ने संभाला मोर्चा, आखिर क्या है Modi का मिशन?