टिम पेन को भारत के खिलाफ शानदार सीरीज की उम्मीद, बदला लेने की नहीं सोच रहे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 07, 2020

सिडनी। लगातार पांच टेस्ट जीतने के बाद आत्मविश्वास से भरे ऑस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन ने कहा है कि वह इस साल ‘शानदार’ श्रृंखला में भारत की मेजबानी करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकते लेकिन निश्चित तौर पर बदला लेने की बात उनके दिमाग में नहीं है। ऑस्ट्रेलिया ने 2018-19 सत्र में घरेलू सरजमीं पर पहली बार भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला गंवाई थी लेकिन तब गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण के कारण टीम के दिग्गज बल्लेबाजों स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर प्रतिबंध लगा था।

तब से ऑस्ट्रेलिया ने लंबा सफर तय किया है। टीम के युवा बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जबकि तेज गेंदबाज भी बेहतर कर रहे हैं और स्मिथ-वार्नर की जोड़ी की भी टीम में वापसी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया ने हाल में संपन्न घरेलू सत्र में पाकिस्तान को दोनों टेस्ट में चार दिन के भीतर हराया जबकि न्यूजीलैंड का भी 3-0 से क्लीनस्वीप किया। पेन ने कहा कि बांग्लादेश दौरे पर अगर हम अच्छा खेल पाए और कुछ जीत दर्ज कर पाए तो इसके बाद हमें आस्ट्रेलिया में भारत के खिलाफ खेलना है और यह खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों के लिए शानदार श्रृंखला होगी। उन्होंने कहा कि उस श्रृंखला के बारे में नहीं सोचना मुश्किल है और क्रिकेट आस्ट्रेलिया में कुछ लोग हैं जो पहले ही उस श्रृंखला को लेकर बेताब हैं। लेकिन खिलाड़ियों के लिए अगला लक्ष्य बांग्लादेश है और हम उसे हल्के में नहीं ले सकते।

इसे भी पढ़ें: लैंगर ने ब्रेक लिया, भारत दौरे पर मैकडोनाल्ड संभालेंगे कोचिंग की जिम्मेदारी

पिछले सत्र में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों के जूझने का अंदाजा इस बात से लग सकता है कि तब उसकी ओर से 79 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी सलामी बल्लेबाज मार्कस हैरिस ने सिडनी में अंतिम टेस्ट में खेली थी जबकि इस सत्र में वार्नर तिहरा शतक और मार्नस लाबुशेन दोहरा शतक जड़ चुके हैं। इसके अलावा प्रत्येक मैच में कम से कम एक व्यक्तिगत शतक जड़ा गया। पेन ने कहा कि उनकी नजरें बदला लेने पर नहीं है बल्कि इससे कुछ बड़ा दांव पर लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर मैं इसे बदले के तौर पर नहीं देख रहा। निश्चित तौर पर पिछले साल यहां वे जिस टीम के खिलाफ खेले थे हमारी टीम उससे अलग है। यहां कुछ अधिक दांव पर लगा हुआ है- विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंक दांव पर लगे हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया आग पीड़ितों की मदद के लिए शेन वॉर्न नीलाम करेंगे अपनी सबसे कीमती चीज

पेन ने कहा कि दोनों टीमों, आस्ट्रेलिया और भारत की नजरें फाइनल पर हैं इसलिए प्रत्येक अंक महत्वपूर्ण है। अगर हम पिछले 12 महीने के शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हैं तो निश्चित तौर पर दुनिया की शीर्ष दो या तीन टीमों में जगह बना पाएंगे। यह शानदार श्रृंखला होगी। पेन ने स्वीकार किया कि भारत अब वह टीम नहीं है जो अपने स्पिनरों पर काफी अधिक निर्भर है और टीम के पास अब जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा जैसे शानदार तेज गेंदबाज हैं।

प्रमुख खबरें

Asian Games Squash: Anahat Singh और अभय सिंह फाइनल में हारे, भारत को मिला रजत

NTA के नए दफ्तर में तैनात होंगे CISF जवान, NEET विवाद के बाद सुरक्षा कड़ी

Daughters Day पर Kriti Sanon ने उठाई महिलाओं की सुरक्षा की मांग, Instagram पर लिखी खास बात

RAF Fairford के पास विस्फोटक के संदेह में कई लोग हिरासत में, खाली कराए गए घर