खिलाड़ियों के उम्दा प्रदर्शन से इस बार राष्ट्रीय खेल दिवस पर खुशी का माहौल

By नीरज कुमार दुबे | Aug 29, 2018

देश में हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है क्योंकि इस दिन हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन होता है। मेजर ध्यानचंद की अगुवाई में भारतीय हॉकी को नयी ऊँचाई मिली थी। उन्होंने भारत को तीन ओलंपिक खेलों में स्वर्ण दिलवाये थे। माना जाता है कि ध्यानचंद के खेल के दीवानों में हिटलर भी शुमार था और उसने उन्हें जर्मन सेना में महत्वपूर्ण पद तक का प्रस्ताव दिया था जिसे ध्यानचंद ने ठुकरा दिया था। ध्यानचंद के बारे में यहां तक कहा जाता है कि बॉल उनकी हॉकी के साथ चिपक जाती थी और वह उसे जिस ओर चाहते थे उस ओर मोड़ देते थे।

 

 

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार और द्रोणाचार्य पुरस्कार से खिलाड़ियों को सम्मानित करते हैं। इस दिन देशभर में विद्यालयों, कॉलेजों तथा खेल क्लबों की ओर से विशेष तौर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। 

 

 

इस वर्ष का राष्ट्रीय खेल दिवस खिलाड़ियों के लिए इसलिए भी उत्साहजनक है क्योंकि एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का उम्दा प्रदर्शन जारी है। दस दिन में भारत ने एशियाई खेलों में 9 स्वर्ण, 19 रजत पदक और 22 कांस्य पदक अपने नाम किये हैं और खेलों में वह 8वें स्थान पर चल रहा है। इससे पहले भारतीय खिलाड़ियों का राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों का सभी वर्गों में उम्दा प्रदर्शन रहा था।

 

 

क्रिकेट में तो भारत पहले से ही चैम्पियन रहा है और इस समय भारत इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में भाग ले रहा है जिसमें भारत हालांकि दो मैच गंवा चुका है और तीसरा मैच जीतते हुए खेल में अभी भी बना हुआ है। ये जो सीरीज हैं इनसे भारतीय खिलाड़ियों को अगले साल होने वाले क्रिकेट विश्व कप के लिए तैयार किया जा रहा है। क्रिकेट में भारत का सर्वश्रेष्ठ स्थान है इस बात को साबित करती है आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग। ताजा रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली पहले पायदान पर पहुंच गये हैं जबकि दूसरे स्थान पर आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी स्टीव स्मिथ हैं जो फिलहाल बॉल टैम्परिंग मामले में फंसे हुए हैं।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय खेलों के लिये यह साल अच्छा रहा है और खिलाड़ियों ने एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेल समेत विभिन्न टूर्नामेंटों में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने लोगों से खेलों और फिटनेस संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता देने को कहा और यह भी कहा कि इससे स्वस्थ भारत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने ट्वीट किया, ''मैं उन सभी को सलाम करता हूं जिन्होंने विभिन्न खेलों में भारत की नुमाइंदगी की है। उनकी मेहनत और प्रतिबद्धता से कई उपलब्धियां मिली है। खेलों के लिये यह साल बहुत अच्छा रहा है जिसमें एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों का प्रदर्शन शामिल है।’’

-नीरज कुमार दुबे

प्रमुख खबरें

भारत ने खाद्य पदार्थों में कीटनाशक अवशेषों की अधिकतम सीमा के लिए कड़े मानदंड अपनाए : सरकार

Chhattisgarh के सूरजपुर में JP Nadda ने कांग्रेस की आलोचना की, कहा- दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों का आरक्षण छीनकर मुसलमानों को पार्टी का एजेंडा

BJP की झूठी सरकार को जनता के सच्चे सवालों का सामना करना होगा, जलेसर में रैली के दौरान AKhilesh Yadav ने केंद्र पर साधा निशाना

Gujarat News । मौलवी रच रहा था BJP नेताओं की हत्या की साजिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार, WhatsApp से मिली अहम जानकारी