खाद्यान्न मांग पूरा करने के लिए फसल उत्पादकता में सुधार जरूरीः Tomar

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 27, 2023

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बृहस्पतिवार को फसल उत्पादकता में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया क्योंकि देश को घरेलू आवश्यकता को पूरा करने और वैश्विक बाजारों में निर्यात बढ़ाने के लिए कृषि उत्पादन बढ़ाने की जरुरत है। तोमर ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और ट्रैक्टर एंड मैकेनाइजेशन एसोसिएशन (टीएमए) की तरफ से कृषि उपकरण प्रौद्योगिकी पर आयोजित एक शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा कि किसानों और वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ सरकार की नीतियों की बदौलत कृषि उत्पादन में काफी वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि देश की जनसंख्या वर्ष 2050 तक बढ़ जाएगी लिहाजा खाद्यान्न और अन्य कृषि उत्पादों की जरूरत पूरा करने के लिए एक खाका तैयार करने की आवश्यकता है। तोमर ने कहा कि दुनिया में भारत के बढ़ते महत्व को देखते हुए वैश्विक आवश्यकता के लिए भी योजना बनाने की जरूरत है। तोमर ने कहा कि फसल की पैदावार में सुधार हो रहा है लेकिन उन्होंने उत्पादकता की तुलना अन्य देशों और वैश्विक औसत से करने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा, ‘‘हमें जमीन कम होने पर भी खाद्यान्न का उत्पादन बढ़ाते रहना होगा।’’ तोमर ने कहा कि इसे हासिल करने के लिए कृषि वैज्ञानिकों और नई तकनीकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में ड्रोन और सूक्ष्म सिंचाई जैसी तकनीकों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। तोमर ने देश में करीब 85 प्रतिशत छोटे किसान होने की बात कहते हुए कहा कि उन्हें तकनीक और मशीनरी का लाभ मिलना चाहिए। तोमर ने पिछले 9 वर्षों में मोदी सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि क्षेत्र में उठाए गए विभिन्न कदमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक लाख करोड़ रुपये के कृषि अधोसंरचना कोष की शुरुआत भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें से 14,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी है।

प्रमुख खबरें

Messi event controversy के बाद बंगाल में खेल मंत्रालय की कमान संभालेंगी ममता बनर्जी

IPL 2026 नीलामी: यूपी के प्रशांत वीर पर CSK ने लगाया 14.20 करोड़ का बड़ा दांव

IPL 2026 नीलामी: कैमरन ग्रीन बने सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी, KKR ने लगाए 25.20 करोड़

इंडसइंड बैंक में HDFC समूह की एंट्री, भारतीय रिज़र्व बैंक से 9.5% हिस्सेदारी की मंजूरी