By एकता | Oct 04, 2026
वीकेंड पर पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है।
मनाली से सोलंग घाटी जाने वाले रास्ते और हिडिंबा देवी मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर भी रुक-रुककर जाम लग रहा है। ऐसे में अचानक पहुंचने वाले पर्यटकों को घंटों तक वाहनों की कतार में इंतजार करना पड़ रहा है।
उत्तराखंड में भी वीकेंड के चलते हालात ऐसे ही हैं। बीते दो दिनों से बाबा नीब करौली के कैंची धाम से हल्द्वानी और पहाड़ की ओर जाने वाले रास्तों की तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं।
हल्द्वानी से पहाड़ की ओर बढ़ते ही भीमताल, भवाली, निगलाट से लेकर कैंची धाम तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। काठगोदाम से ज्योलिकोट होते हुए नैनीताल जाने वाले रास्ते पर भी जाम की स्थिति बनी हुई है।
पहाड़ से मैदान की ओर आने वाले लोग भी कैंची धाम से पहले घंटों तक फंसे हुए हैं। इस जाम में मरीजों, एंबुलेंस, बुजुर्गों और छात्रों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वीकेंड के चलते नैनीताल, भीमताल और कैंची धाम समेत कुमाऊं के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से हल्द्वानी से नैनीताल और भीमताल जाने वाले रास्तों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है।
शुक्रवार से ही नैनीताल रोड पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। जाम के कारण कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में भी पर्यटकों को कई घंटे लग रहे हैं।
दिल्ली से आए कुछ पर्यटकों ने जाम को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर आधे घंटे का सफर चार से छह घंटे में पूरा हो रहा है तो पर्यटन स्थल तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया है। कुछ पर्यटकों ने यहां तक कहा कि वे अब भीमताल की तरफ दोबारा आने से बचेंगे।
भारी भीड़ के बीच नैनीताल में कुछ पर्यटकों को रात सड़कों पर गुजारनी पड़ी। बस स्टैंड, रिक्शा स्टैंड और जहां जगह मिली, लोग वहीं रात बिताने को मजबूर हुए। कुछ लोगों को होटल मिला भी तो कमरे के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ी। बताया गया कि 1,000 रुपये का कमरा 12,000 रुपये में दिया जा रहा है।
नैनीताल के कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नीब करौरी धाम एक बार फिर भक्तों से खचाखच भर गया है और दर्शन के लिए लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से जहां रास्तों पर जाम की स्थिति बनी हुई है, वहीं हल्द्वानी से कैंची धाम और नैनीताल से कालाढूंगी तक पर्यटन कारोबार में भी तेजी आई है।