By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से चुनावों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली एजेंसी का प्रमुख नियुक्त किए जाने के लिए नामित माइकल लोसापियो ने सीनेट में कहा कि वह छह जनवरी, 2021 को संसद भवन परिसर में हुई हिंसा को ‘हमला’ नहीं कहेंगे। साइबर सुरक्षा एवं बुनियादी ढांचा सुरक्षा एजेंसी (सीआईएसए) के प्रमुख पद के लिए नामित लोसापियो ने बृहस्पतिवार को सीनेट में अपने नामांकन की पुष्टि संबंधी सुनवाई में कनेक्टिकट के डेमोक्रेटिक सांसद रिचर्ड ब्लूमेंथल के सवालों के जवाब में यह बात कही। ब्लूमेंथल ट्रंप के कई नामित अधिकारियों से 2020 के चुनाव और छह जनवरी की हिंसा को लेकर सवाल कर चुके हैं।
लोसापियो ने कहा, ‘‘नहीं, मुझे नहीं लगता कि यह हमला था। मैं राजनीति में शामिल नहीं था। मैंने खबरों में जो देखा, उसी के आधार पर जानता हूं।’’ उनकी इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया जानने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस से संपर्क किया गया, लेकिन उसने तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।
लोसापियो ने इस पर भी कुछ कहने से इनकार किया कि 2020 का राष्ट्रपति चुनाव किसने जीता था। ट्रंप लगातार झूठा दावा करते रहे हैं कि उन्होंने यह चुनाव जीता था, जबकि परिणामों में जो बाइडन को जीत मिली थी। लोसापियो ने कहा कि वह छह साल पुराने चुनाव पर जवाब नहीं देना चाहते।
उन्होंने यह भी बताया कि उस चुनाव में उनकी एकमात्र भूमिका ट्रंप को वोट देना थी। सीआईएसए की स्थापना 2018 में हुई थी और यह गृह सुरक्षा विभाग के अधीन काम करती है। इसकी जिम्मेदारी बांधों, परमाणु ऊर्जा संयंत्रों, बैंकों और मतदान प्रणालियों समेत देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा करना है।
एजेंसी के पहले निदेशक क्रिस क्रेब्स को ट्रंप ने 2020 के चुनाव को अमेरिकी इतिहास का सबसे सुरक्षित चुनाव बताने वाले अधिकारियों के बयान का समर्थन करने के बाद पद से हटा दिया था। यह एजेंसी करीब दो वर्षों से सीनेट की मंजूरी प्राप्त स्थायी प्रमुख के बिना काम कर रही है।