By अभिनय आकाश | Nov 24, 2025
रूस-यूक्रेन युद्ध पर नई बातचीत के लिए अमेरिका, यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों के प्रतिनिधिमंडल की जिनेवा में बैठक हुई। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के ऑफिस के के हेड एंड्री यरमक के मुताबिक पहली मीटिंग यूक्रेनी और यूरोपीय प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई। उन्होंने इस मीटिंग को बहुत रचनात्मक बताया। दूसरी मीटिंग अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मीटिंग में मौजूद थे। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने मीटिंग पर कोई टिप्पणी नहीं की है। वहीं यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बातचीत अच्छी चल रही है।
यूक्रेन और उसके पश्चिमी सहयोगी देशों के बीच जिनिवा में बात हुई, जिसमें ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शामिल थे। करीब चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका द्वारा तैयार किए गए 28 सूत्री प्रस्ताव से यूक्रेन और दूसरे देशों में चिंता है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जैलेंस्की ने कहा है कि उनके देश को अपने संप्रभु अधिकारों के लिए खड़े होने और आवश्यक अमेरिकी समर्थन को बनाए रखने के बीच एक कठिन विकल्प का सामना करना पड़ सकता है।