Punjab Police ने अमृतसर में हथियार व नशा तस्करी गिरोह पकड़ा, 7 गिरफ्तार

Punjab Police
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पंजाब पुलिस ने अमृतसर में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह के सात सदस्यों को पकड़ा है। डीजीपी गौरव यादव के अनुसार आरोपियों से नौ पिस्तौल, हेरोइन और नकदी बरामद हुई है। यह नेटवर्क विदेश में मौजूद अपने आकाओं के इशारे पर काम कर रहा था।

पंजाब पुलिस ने बुधवार को बताया कि उसने अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर पुलिस ने आरोपियों के पास से नौ पिस्तौल, 1.313 किलोग्राम हेरोइन, 60 हजार रुपये नकद और 13 कारतूस बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे अपने आकाओं के संपर्क में थे, जो आपराधिक तत्वों को मुहैया कराने के लिए इनके माध्यम से अवैध हथियारों की आपूर्ति करते थे।

इस संबंध में अमृतसर के छेहरटा और रंजीत एवेन्यू थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मामले में संपर्कों की कड़ी का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़