Madras High Court पहुंचा TVS Group संपत्ति विवाद Lakshmi Venu ने मांगा बराबर हिस्सा

By Ankit Jaiswal | Nov 25, 2026

चेन्नई के चर्चित टीवीएस परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। सुंदरम क्लेटन लिमिटेड की प्रबंध निदेशक डॉ. लक्ष्मी वेणु ने 25 नवंबर को मद्रास हाईकोर्ट में परिवार की संयुक्त संपत्ति के बंटवारे के लिए मुकदमा दायर किया है। उन्होंने अदालत से वेणु श्रीनिवासन परिवार की संपत्ति में अपना कानूनी हिस्सा दिलाने की मांग की है। इस मामले ने देश के बड़े कारोबारी परिवारों में उत्तराधिकार और बेटियों के संपत्ति अधिकारों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है।

लक्ष्मी वेणु की यह कानूनी कार्रवाई उनके पिता वेणु श्रीनिवासन को भेजे गए नोटिस के करीब 10 दिन बाद हुई है। इस नोटिस में उन्होंने अपने पिता से परिवार की संयुक्त संपत्ति का निष्पक्ष और कानून के मुताबिक बंटवारा करने को कहा था। वेणु श्रीनिवासन सुंदरम क्लेटन के चेयरमैन और टीवीएस मोटर कंपनी के चेयरमैन एमेरिटस हैं। परिवार की संपत्तियों में टीवीएस मोटर कंपनी, सुंदरम क्लेटन, टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज और टीवीएस होल्डिंग्स में हिस्सेदारी शामिल है।

बता दें कि इस परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद 2025 से चल रहा है, लेकिन पिछले महीने यह खुलकर सामने आया। इस विवाद में लक्ष्मी वेणु और उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन एक तरफ हैं, जबकि पिता वेणु श्रीनिवासन और भाई सुदर्शन वेणु दूसरी तरफ हैं। मल्लिका श्रीनिवासन देश की जानी-मानी कारोबारी हैं और दुनिया की बड़ी ट्रैक्टर निर्माता कंपनियों में शामिल टीएएफई की प्रमुख हैं। लक्ष्मी टीएएफई की उपाध्यक्ष हैं, जबकि उनके भाई सुदर्शन वेणु टीवीएस मोटर कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक हैं।

25 नवंबर को जारी बयान में मल्लिका श्रीनिवासन ने अपनी बेटी की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी को परिवार की संपत्ति में अपना जायज हिस्सा मांगने का पूरा अधिकार है। उनके मुताबिक, पिता को भेजे गए नोटिस का जवाब मिलने के बाद भी उनकी बेटी के कानूनी अधिकारों को स्वीकार नहीं किया गया और आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई। मल्लिका ने कहा कि एक मां के रूप में उनके लिए बेटा और बेटी बराबर हैं और परिवार की संपत्ति में लक्ष्मी का हिस्सा सुदर्शन के हिस्से से कम नहीं होना चाहिए।

गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में शेयर बाजार को दी गई जानकारी में सुदर्शन वेणु को टीवीएस होल्डिंग्स का महत्वपूर्ण लाभकारी मालिक बताया गया था। इसे कंपनी में हिस्सेदारी के स्वामित्व में बदलाव की शुरुआत के तौर पर देखा गया। टीवीएस मोटर दुनिया की बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनियों में शामिल है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने 56,070 करोड़ रुपये का कारोबार और 3,018 करोड़ रुपये का सालाना मुनाफा दर्ज किया था। कंपनी का बाजार मूल्य 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं, सुंदरम क्लेटन का बाजार मूल्य 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा और टीवीएस होल्डिंग्स का करीब 27,000 करोड़ रुपये है।

इस विवाद की एक अहम कड़ी 2024 में परिवार के चार सदस्यों के बीच हुआ समझौता भी है। लक्ष्मी और मल्लिका का कहना है कि यह समझौता केवल टीवीएस ब्रांड के इस्तेमाल और कारोबारी प्रतिस्पर्धा से जुड़े नियमों के लिए था। उनके मुताबिक, परिवार की संयुक्त संपत्ति का कभी बंटवारा नहीं हुआ। दूसरी ओर, वेणु श्रीनिवासन इस दावे से सहमत नहीं हैं। लक्ष्मी का कहना है कि उन्हें परिवार की संपत्ति से जुड़े जरूरी दस्तावेज और जानकारियां भी लगातार नहीं दी गईं, जिसके कारण उन्हें अदालत का रास्ता अपनाना पड़ा।

इससे पहले लक्ष्मी ने कहा था कि कानून और आधुनिक भारत में बेटियों के साथ भेदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 में 2005 के संशोधन का हवाला देते हुए कहा था कि संयुक्त हिंदू परिवार की संपत्ति में बेटियों को भी बेटों के बराबर अधिकार प्राप्त हैं।

हालांकि, वेणु श्रीनिवासन की ओर से पेश वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने सीएनबीसी टीवी18 से बातचीत में अलग पक्ष रखा। उनका कहना है कि परिवार की संयुक्त संपत्ति और दूसरी संपत्तियों का बंटवारा 2017 में ही हो चुका था। इसलिए अब हिंदू अविभाजित परिवार का अस्तित्व नहीं है और बंटवारे के लिए कोई संयुक्त संपत्ति बची ही नहीं है। ऐसे में अब अदालत को यह तय करना है कि परिवार की संपत्ति का पहले बंटवारा हुआ था या नहीं और लक्ष्मी वेणु की हिस्सेदारी पर कानून के तहत क्या अधिकार बनते हैं।

प्रमुख खबरें

पहली बार सारे नियम तोड़ भारत के राजदूत से मिले किम जोंग उन, सब हैरान!

गोद में बच्चा, संसद में भाषण, हिजाब पहने पहनी महिला दुनिया में वायरल

ओडिशा में 1.4 लाख करोड़ की Adani Data Center परियोजना का BJD ने किया विरोध

Durban Super Giants ने Lance Klusener को हटाया, Kane Williamson होंगे नए कोच