By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 13, 2026
दिल्ली के नरेला इलाके में डीडीए फ्लैट के पास बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से नौ और 11 साल के दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह घटना नरेला इलाके के “100 फुटा” पर हुई, जहां बवाना के रहने वाले बच्चे कथित तौर पर खेलने गए थे।
वह पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता मजदूरी करते हैं। बच्चे की चाची लाडली ने कहा, हमें दुर्घटना की सूचना मिली और हम मौके पर पहुंचे।” दूसरे बच्चे की मां ने बताया कि जब वह काम पर थी, तब उसे स्थानीय निवासियों का फोन आया, जिन्होंने उसे बताया कि उसका बेटा डूब गया है।
उसने कहा, वह सुबह करीब 10 बजे ट्यूशन के लिए गया था। मैं यह जानने के लिए फोन कर रही थी कि क्या वह ट्यूशन से लौट आया है। मुझे नहीं पता कि वह वहां क्यों गया।
प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद शाहनवाज ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दो बच्चे पानी से भरे गड्ढे में हैं और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा, कुछ लोगों ने देखा था कि बच्चे पहले ही डूब चुके थे। हमने उन्हें बचाने की कोशिश की और पुलिस को सूचित किया।
स्थानीय निवासियों की मदद से हम दोनों बच्चों को बाहर निकालने में सफल रहे। यह घटना दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) फ्लैटों के पास खाली जमीन पर बने एक गड्ढे में हुई। निवासियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान यह गड्ढा बनाया गया था और बाद में इसमें बारिश का पानी भर गया।
घटना के बाद, डीडीए ने एक बयान में कहा कि उसने अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए खाली भूखंड की चारदीवारी कर दी थी। इसने कहा कि हालांकि असामाजिक तत्वों द्वारा चारदीवारी के हिस्सों को बार-बार क्षतिग्रस्त किया गया है, जिसे बार-बार मरम्मत भी कराई गई है। डीडीए ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह के नुकसान, चोरी और अनधिकृत गतिविधियों की घटनाओं को लेकर समय-समय पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
प्राधिकरण ने कहा कि वह पुलिस को हरसंभव सहयोग दे रहा है और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति से बचने के लिए चारदीवारी को मजबूत करने और क्षेत्र में संवेदनशील खाली भूखंडों की निगरानी बढ़ाने सहित निवारक उपायों की भी समीक्षा की जा रही है। नाबालिगों के परिवार के सदस्यों और स्थानीय निवासियों ने स्थल के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई की मांग की। यह घटना राष्ट्रीय राजधानी में बारिश के बीच हुई है, जिससे कई इलाकों में जलभराव और बारिश का पानी एकत्र हो गया है।
जांच के तहत बच्चों के गड्ढे में उतरने की सटीक परिस्थितियों और उनके डूबने से पहले की घटनाओं के क्रम का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि जांच आगे बढ़ने पर और जानकारी सामने आएगी।