By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 14, 2026
विश्व कप में भाग लेने आई इंग्लैंड की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के सामान की चोरी के मामले में शनिवार देर रात दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों पर चोरी का सामान अपने पास रखने का आरोप है। टीम जब फ्लोरिडा स्थित अपने प्रारंभिक अभ्यास शिविर से कैनसस सिटी स्थित विश्व कप बेस कैंप की ओर रवाना हो रही थी, तभी उसके कुछ उपकरण चोरी हो गए थे। मिसौरी के जैक्सन काउंटी अभियोजकों ने टेक्सास के सैन एंटोनियो निवासी मुस्तफा सालिक और इरफान कमाल पर चोरी की संपत्ति प्राप्त करने का एक-एक गंभीर आपराधिक (क्लास-डी फेलोनी) आरोप लगाया है।
हालांकि इंग्लैंड टीम की तैयारियों के लिए इनमें से कोई भी वस्तु अत्यावश्यक नहीं थी। समाचार एजेंसी एपी द्वारा प्राप्त विवरण के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से नौ जोड़ी फुटबॉल जूते (क्लीट्स), गोलकीपर दस्ताने, विश्व कप फुटबॉल, जर्सी और शॉर्ट्स के कई सेट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, राष्ट्रीय टीम की हस्ताक्षरित जर्सियां तथा 99.99 डॉलर मूल्य का नाइकी एयर जूतों का एक लेगो सेट बरामद किया गया।
कैनसस सिटी (मिसौरी) के मेयर क्विंटन लुकास ने कहा कि कई राज्यों तक फैली जांच को शीघ्रता से पूरा कर चोरी का सामान बरामद करना और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस तथा अभियोजन पक्ष की बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा, “शहर का सुरक्षा तंत्र सभी आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों को शीघ्र जवाबदेह ठहराने के लिए प्रतिबद्ध है।” इंग्लैंड विश्व कप में क्रोएशिया के खिलाफ बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत करेगा। कैनसस सिटी में गत चैंपियन अर्जेंटीना और नीदरलैंड की टीमों के भी शिविर लगे हुए हैं।