ब्रिटेन में ऐतिहासिक चुनाव में मतदान के लिए बड़ी संख्या में उमड़े वोटर्स

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 13, 2019

लंदन। ब्रिटेन में करीब एक सदी में सर्दियों के मौसम दिसंबर में हो रहे देश के पहले आमचुनाव में बृहस्पतिवार को मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का तांता लगा रहा। समय से पहले कराया जा रहा यह चुनाव यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के अलग होने (ब्रेक्जिट) के भविष्य को तय करेगा। ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और विपक्षी नेता जेरेमी कोर्बिन उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने लंदन में सुबह-सुबह वोट डाला। 

इसे भी पढ़ें: ब्रिटेन में ‘ब्रेक्जिट’ के मुद्दे के बीच मतदान शुरू, मैदान में उतरे 3,322 उम्मीदवार

ब्रिटेन को ईयू से अलग होना है लेकिन इसकी शर्तों पर संसदीय सर्वसम्मति नहीं बन पाई और यह बार-बार समय सीमा के अंदर इस लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रहा। आखिरी समय सीमा 31 अक्टूबर की थी। जॉनसन ने 31 जनवरी 2020 की नयी सीमा के साथ इस चुनाव को पार्टी के ‘गेट ब्रेक्जिट डन’ (ब्रेक्जिट पूरा कर लो) के संदेश के साथ ब्रेक्जिट चुनाव का रूप दे दिया है, वहीं विपक्षी लेबर पार्टी एवं अन्य ने सरकार पोषित राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा जैसे घरेलू मुद्दों को लेकर उनकी टोरी सरकार की नाकामियों की ओर मतदाताओं का ध्यान खींचने पर जोर दिया है। 

जॉनसन ने मध्य लंदन में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उनके साथ उनका कुत्ता डायलन भी था। लेबर नेता जेरेमी कोर्बिन, लिबरल डेमोक्रेट नेता जो स्वींसन, स्कॉटिश नेशनल पार्टी के नेता निकोला स्टुजन, ग्रीन पार्टी के सह नेता जोनाथन बार्टले और वेल्स प्लेड सायमरू नेता एडम प्राइस ने अपने मताधिकारों का इस्तेमाल किया। ब्रेक्जिट पार्टी के नेता निगेल फराज ने कहा कि वह डाक मतपत्र के जरिए अपना वोट पहले ही डाल चुके हैं।

इसे भी पढ़ें: PM बोरिस जॉनसन बोले- रिहा हुए 74 आतंकवादियों की लाइसेंस शर्तों की होगी समीक्षा

अंतरराष्ट्रीय समयानुसार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और रात 10 बजे मतदान खत्म होने पर मतगणना शुरू होगी। अधिकतर नतीजे शुक्रवार सुबह तक घोषित हो जाएंगे। अगर हाउस ऑफ कॉमंस में किसी पार्टी के आधे सांसद (326) चुनकर आते हैं तो आमतौर पर वही पार्टी सरकार बनाती है। अगर किसी भी पार्टी के पास बहुमत नहीं है तो वह एक या दो अन्य दलों के अधिकतर सांसदों का गठबंधन बनाकर सरकार बना सकती है। यह चुनाव 1974 के बाद से सर्दियों के मौसम में पहला चुनाव और दिसंबर के महीने में 1923 से पहला चुनाव है।

प्रमुख खबरें

PM Modi का ऐतिहासिक Seychelles दौरा, National Assembly को संबोधित करने वाले पहले भारतीय पीएम बनेंगे

Shani Pradosh Vrat 2026: आज Lord Shiva और शनि देव की कृपा पाने का शुभ योग, जानें Puja Vidhi

Rishabh Pant की Delhi Capitals में वापसी पर AB de Villiers बोले- यह बिल्कुल भी चौंकाने वाला नहीं था

Tazmin Brits के शतक का तूफान, South Africa की बड़ी जीत ने बदला Semifinal का पूरा समीकरण