By अभिनय आकाश | Nov 28, 2025
यूक्रेन ने एक बार फिर दोहराया है कि वह रूस को कोई भी ज़मीन नहीं देगा। इस बीच, रूस ने अमेरिका समर्थित नई शांति योजना में सशर्त रुचि दिखाई है, लेकिन यूक्रेन ने भी कड़ा रुख अपनाया है। वरिष्ठ यूक्रेनी अधिकारी एंड्री यरमक ने ज़ोर देकर कहा कि राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की कभी भी ऐसे समझौते को मंज़ूरी नहीं देंगे जिसमें दबाव में रूस को ज़मीन दी जाए। यरमक ने द अटलांटिक को बताया एक भी समझदार व्यक्ति ज़मीन छोड़ने के दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर नहीं करेगा, ये, जिससे कीव का यह रुख़ और मज़बूत हो गया कि सीमाएँ बरकरार रहनी चाहिए। जब तक राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की पद पर हैं, यूक्रेन कभी भी ज़मीन छोड़ने के लिए राज़ी नहीं होगा।
ट्रंप द्वारा समझौते के लिए लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद, पुतिन ने यूक्रेन में अपने लक्ष्यों से पीछे हटने की कोई इच्छा नहीं दिखाई। इस बीच अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के उत्तरी सूमी क्षेत्र में एक रूसी ड्रोन हमले में 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रूस ने बृहस्पतिवार तड़के यूक्रेन के ओदेसा और निप्रोपेत्रोव्यस्क क्षेत्रों पर भी हमला किया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए और आग लग गई। यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार, रूस ने रात भर यूक्रेन पर 142 ड्रोन दागे। इस बीच, रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी वायु रक्षा ने विभिन्न रूसी क्षेत्रों और काला सागर के ऊपर रात भर में 118 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया।