By अभिनय आकाश | Mar 01, 2022
यूक्रेन की राजधानी कीव शहर पर रूसी घेराबंदी तेज हो गई है। खारकीव की सरकारी इमारतों पर रूसी सेना के हमले की तस्वीरें सामने आ रही हैं। कुल मिलाकर कहा जाए तो रूस और यूक्रेन के बीच शुरू हुई जंग तबाही में बदलती जा रही है। रूस और यूक्रेन की फौज आपस में लड़ रही है और इसे रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय कोशिशें भी जारी हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा का विशेष सत्र भी बुलाया गया है। सत्र में रूस के कदम को लेकर कई देशों ने अपनी तीखी प्रतिक्रया दर्ज की है। वहीं यूक्रेन के राजदूत सर्गीय किस्लित्स्या ने संयुक्त राष्ट्र में इस युद्ध की तुलना दूसरे विश्व युद्ध से करते हुए पुतिन को जर्मनी के तानाशाह एडोल्फ हिटलर सरीखा बताया है। उन्होंने कहा कि दूसरे विश्व युद्ध की तरह ही आज की वैश्विक सुरक्षा खतरे में है। जिसकी वजह से ये आपातकालीन सत्र बुलाने पर मजबूर होना पड़ा।