Atlanta में G20 विदेश मंत्रियों की वार्ता बेनतीजा, यूक्रेन युद्ध के मतभेदों से संयुक्त बयान अटका

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अटलांटा में आयोजित जी20 विदेश मंत्रियों की दो दिवसीय वार्ता यूक्रेन युद्ध को लेकर उभरे गहरे मतभेदों के चलते बिना किसी साझा बयान के समाप्त होगी। आम सहमति न बन पाने के कारण अब केवल चर्चा का सार प्रस्तुत करने वाला अध्यक्षीय बयान जारी किया जाएगा। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो बैठक के समापन पर यह आधिकारिक बयान पेश करेंगे।

दुनिया की 20 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के समूह जी-20 के विदेश मंत्री शनिवार को अटलांटा में दो दिवसीय बैठक प्रमुख मुद्दों पर सहमति के बिना समाप्त करेंगे। वार्ता के दौरान वैश्विक सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई और बैठक की शुरुआत से ही मतभेद हावी रहे, खासकर यूक्रेन के खिलाफ रूस के हमले को लेकर नाराजगी दिखी। सूत्रों के अनुसार, इसके परिणामस्वरूप समूह संयुक्त बयान जारी नहीं करेगा, बल्कि बैठक में हुई चर्चा का सार प्रस्तुत करने वाला अध्यक्षीय बयान जारी किया जाएगा।

बैठक में शामिल राजनयिकों के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो बैठक के समापन पर यह बयान जारी करेंगे। रुबियो ने वार्ता की शुरुआत एकजुटता की अपील के साथ की थी, लेकिन शुक्रवार को उन्होंने विदेश मंत्रियों की पारंपरिक समूह तस्वीर लेने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। यूरोपीय राजनयिकों ने इसमें रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई थी और तस्वीर खिंचवाने के दौरान बहिष्कार करने या वहां से चले जाने की चेतावनी दी थी।

पोलैंड के विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें इस बात पर आश्चर्य नहीं है कि बैठक में आम सहमति नहीं बन पाई। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘युद्ध चल रहे हैं और उन युद्धों में शामिल देश भी वार्ता की मेज पर मौजूद हैं। ऐसे में किसी साझा रुख पर सहमत होना बेहद मुश्किल है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़