हाथरस कांड: योगी से बोलीं उमा भारती- पुलिसिया कार्रवाई से सरकार और भाजपा की छवि खराब हुई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 02, 2020

नयी दिल्ली। भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने शुक्रवार को कहा कि हाथरस की घटना में उत्तर प्रदेश पुलिस की ‘‘संदिग्ध’’ कार्रवाई के कारण भाजपा, राज्य सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने योगी से अनुरोध किया कि वह मीडियाकर्मियों तथा नेताओं को पीड़िता के परिवार से मिलने दें। कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद उमा भारती को ऋषिकेश के एम्स में भर्ती करवाया गया है। भारती ने कहा कि अगर उनका स्वास्थ्य ठीक होता तो वह खुद भी पीड़िता के परिवार से मिलने हारथस जातीं। उन्होंने कहा कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह निश्चित ही परिवार से मिलने जाएंगी। उमा भारती ने हिंदी में कई ट्वीट किए। इनमें उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश पुलिस की संदिग्ध कार्रवाई के कारण भाजपा, उत्तर प्रदेश सरकार और राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि को नुकसान पहुंचा है।’’ भारती ने कहा कि पूरे हाथरस प्रकरण पर करीबी नजर रखे हुए हैं। साथ ही उन्होंने योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया कि वह मीडियाकर्मियों को एवं अन्य राजनीतिक दलों के लोगों को पीड़ित परिवार से मिलने दें। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को साफ-सुथरी छवि वाला शासक बताते हुए भारती ने कहा, ‘‘मैं आपसे वरिष्ठ एवं आपकी बड़ी बहन हूं।’’ 

इसे भी पढ़ें: हाथरस मामले के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, बढ़ाई गई सुरक्षा, सीएम केजरीवाल भी पहुंचे

हालांकि उन्होंने यह भी जताया कि पुलिस द्वारा गांव और पीड़ित परिवार की घेराबंदी करने से वह बोलने के लिए मजबूर हुई हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैंने हाथरस की घटना के बारे में देखा। पहले तो मुझे लगा कि मैं ना बोलूँ क्योंकि आप इस संबंध में ठीक ही कार्रवाई कर रहे होंगे। किन्तु जिस प्रकार से पुलिस ने गांव की एवं पीड़ित परिवार की घेराबंदी की है, उसके कितने भी तर्क हों, लेकिन इससे विभिन्न आशंकायें जन्मती हैं।’’ हाथरस के एक गांव में 14 सितंबर को चार लोगों ने 19 वर्षीय दलित लड़की का कथित तौर पर बलात्कार किया था। मंगलवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पीड़ित की मौत हो गई।

प्रमुख खबरें

Amit Shah के अरुणाचल दौरे पर होर्डिंग गिराने वाले Youth Congress नेता तार जॉनी को मिली जमानत

Jannik Sinner की होगी घुटने की सर्जरी, Australian Open से बाहर होने की आशंका

आंध्र प्रदेश: CM Chandrababu Naidu ने स्वास्थ्य और कृषि में AI तकनीक अपनाने के निर्देश दिए

चोटों के कारण गंवाए 10 से 15 Test मैच, KL Rahul ने समझाई तीनों फॉर्मेट की चुनौती