Agniveer योजना में बड़ा बदलाव, अनिल बलूनी बोले- दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल सेना को करेगा सशक्त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026

नयी दिल्ली, चार नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने चार वर्ष की प्रारंभिक सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने के केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले को महत्वपूर्ण बताते हुए बुधवार को कहा कि इससे सेना एवं युवा सशक्त होंगे तथा भारत सुरक्षित बनेगा। सरकार ने अग्निपथ योजना में बड़ा बदलाव करते हुए बुधवार को घोषणा की कि चार वर्ष की प्रारंभिक सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर मिलेगा और इसके बाद निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले अग्निवीरों को नियमित सैन्य सेवा में शामिल होने का अवसर भी दिया जाएगा। बलूनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अग्निवीरों के लिए ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ (सेवा का दूसरा कार्यकाल) को मंजूरी देकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को निर्धारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से दो वर्ष के ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ का अवसर मिलेगा। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘दूसरे ‘टूर’ के दौरान पहले वर्ष 43,500 रुपये और दूसरे वर्ष 47,500 रुपये प्रतिमाह निश्चित वेतन के साथ लागू भत्ते मिलेंगे।’’ उन्होंने बताया कि दूसरे ‘टूर’ में सेवा निधि के लिए सरकार का योगदान बढ़ाकर मासिक वेतन पैकेज का 70 प्रतिशत किया गया है। बलूनी ने कहा कि दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा पूरी करने पर अग्निवीरों को ब्याज को छोड़कर 10.92 लाख रुपये की सेवा निधि मिलेगी, जो आयकर से मुक्त होगी।

गढ़वाल से सांसद बलूनी ने कहा कि दूसरे ‘टूर’ के बाद इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित मानदंडों के आधार पर नियमित सैन्य सेवा में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

प्रमुख खबरें

Odisha Flood Relief: चक्रवात प्रभावित परिवारों को मिलेंगे 107.7 करोड़ रुपये

US Midterm Elections में भारतीय मूल के उम्मीदवारों का डंका, राज्यों की विधानसभाओं में दर्ज की बड़ी जीत

Khammam में मछुआरों को बचाने गई SDRF की नावें पलटीं, 10 कर्मी लापता

पंजाब: Parwinder Singh Jhota के अंतिम संस्कार पर बनी सहमति, 22 दिन बाद खत्म हुआ प्रदर्शन