उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए थमा चुनावी शोर, इन दिग्गजों की किस्मत लगी दांव पर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 25, 2022

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए शुक्रवार शाम छह बजे प्रचार समाप्त हो गया। इस चरण में 12 जिलों की 61 सीटों पर 27 फरवरी को मतदान होगा। राज्‍य के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि पांचवें चरण के चुनाव के लिए शुक्रवार शाम छह बजे के बाद से प्रचार पर प्रभावी रूप से रोक लग गई है और यह रोक पांचवें चरण का मतदान समाप्त होने अर्थात 48 घंटे तक प्रभावी रहेगी। उन्होंने बताया कि पांचवें चरण के मतदान की तैयारी पूरी कर ली गई है और 27 फरवरी को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी तरीके से मतदान सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। 

उल्लेखनीय है कि पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने गृह जिले कौशांबी के सिराथू विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार हैं जिनके मुकाबले समाजवादी पार्टी ने अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल को मैदान में उतारा है। पल्लवी पटेल की बहन और केंद्र सरकार में मंत्री अनुप्रिया पटेल मौर्य के पक्ष में चुनाव प्रचार कर चुकी हैं जबकि शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव की पत्‍नी डिंपल यादव और सपा सांसद व मशहूर अभिनेत्री जया बच्चन भी पल्लवी पटेल का प्रचार करने सिराथ पहुंची थीं। गृह मंत्री अमित शाह ने भी शुक्रवार को मौर्य समेत कई भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए सपा पर जमकर प्रहार किया।

पांचवें चरण में अयोध्या से लेकर प्रयागराज और चित्रकूट जैसे धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मतदान होना है। अमेठी की पूर्व रियासत के मुखिया संजय सिंह अमेठी में इस बार भाजपा से उम्मीदवार हैं जबक राज्‍य के मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह प्रतापगढ़ जिले की पट्टी, खादी ग्रामोद्योग मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह प्रयागराज जिले की पश्चिम विधानसभा सीट, नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी इसी जिले की दक्षिण सीट, समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री गोंडा जिले की मनकापुर सुरक्षित और राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय चित्रकूट विधानसभा सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। वर्ष 1993 से ही प्रतापगढ़ जिले के कुंडा से चुनाव जीत रहे रघुराज प्रताप सिंह इस बार अपनीजनसत्ता पार्टी के टिकट पर परंपरागत सीट पर चुनाव मैदान में हैं।

प्रतापगढ़ जिले में ही अपना दल (कमेरावादी) की अध्यक्ष कृष्णा पटेल समाजवादी गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में भाजपा को टक्‍कर दे रही हैं। कृष्णा पटेल नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री अनुप्रिया पटेल की मां हैं। विधानसभा में कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा उर्फ मोना भी प्रतापगढ़ जिले की अपनी परंपरागत रामपुर खास सीट से किस्मत आजमा रही हैं। चौथे चरण का मतदान पूरा होने के बाद राज्य की 403 विधानसभा सीटों में अब तक 231 पर मतदान हो चुका है। 

इसे भी पढ़ें: सिराथू में केशव प्रसाद मौर्य को चुनौती देने के लिए सामने आईं 3 बहुएं, डिंपल बोलीं- जमीन से जुड़ी हैं पल्लवी पटेल

अंतिम तीन चरणों में 27 फरवरी, तीन मार्च और सात मार्च को मतदान होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांचवें चरण के उन निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया जहां मतदाता 27 फरवरी को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। प्रतिद्वंद्वी अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सत्तारूढ़ भाजपा को चुनौती देने के लिए व्यापक रूप से अलग अलग निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा किया।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली के मतदाताओं के लिए एक रैली को संबोधित किया था जो उत्तर प्रदेश में चल रहे चुनावों में उनकी पहली रैली थी। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने लंबे समय तक गांधी परिवार के गढ़ रहे अमेठी में एक संयुक्त रैली को संबोधित किया, जिसपर भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनावों के साथ-साथ 2019 के आम चुनाव में जीत हासिल की थी। भाजपा की जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेठी, प्रयागराज, कौशांबी और बहराइच में कई रैलियों को संबोधित किया। मोदी ने मुख्य रूप से वोट बैंक की राजनीति और परिवारवाद के मुद्दों पर विरोधियों पर हमला किया।

प्रमुख खबरें

Diljit Dosanjh ने कैलगरी कॉन्सर्ट में खालिस्तानियों की कर दी बोलती बंद देखें Viral Video

Weather Alert: दिल्ली, यूपी, राजस्थान में अगले 48 घंटे भारी, तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की आशंका

Pune Rape-Murder Case: सामने आया आरोपी का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड, CM Fadnavis बोले- कोई कानूनी कमी नहीं छोड़ेंगे

Bollywood Upcoming Releases: मई में बॉक्स ऑफिस पर सितारों का मेला, Ayushmann, Varun और Sanjay Dutt में कौन मारेगा बाजी?