योगी आदित्यनाथ बोले- गरीबों के आवास की दिशा में मील का पत्‍थर साबित होगी 'हलका मकान' परियोजना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 01, 2021

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शहरी गरीबों को टिकाऊ और आपदा रोधी आवास उपलब्‍ध कराने में उत्‍तर प्रदेश सरकार को सफलता मिली है और इस दिशा में हलका मकान’ परियोजना मील का पत्‍थर साबित होगी। शुक्रवार को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्‍तर्गत अवध बिहार योजना, शहीद पथ, लखनऊ में 131 करोड़ रुपये की लागत की परियोजना हलका मकान परियोजना (एलएचपी) के शिलान्‍यास के मौके पर बोल रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस परियोजना का ऑन लाइन शिलान्‍यास किया। देश में छह राज्यों में ग्लोबल हाउसिंग टेक्नोलॉजी चैलेंज इंडिया (जीएचटीसी इंडिया) की नींव और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के वितरण कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़े जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहीद पथ स्थित अवध विहार योजना में प्रस्तावित परियोजना से लाइव जुड़े। 

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उत्तर प्रदेश को सम्मानित किया। प्रधानमंत्री ने इस योजना के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले नगर निकाय (नगर पालिका परिषद श्रेणी) में मिर्जापुर नगर पालिका परिषद तथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले नगर निकाय (नगर पंचायत श्रेणी) के अंतर्गत प्रदेश के मलीहाबाद व हरिहरपुर नगर पंचायत तथा उत्कृष्ट पूर्ण आवास हेतु लखनऊ, आजमगढ़ और हापुड़ के तीन लाभार्थियों को पुरस्कृत किया। सरकारी प्रवक्‍ता ने बताया कि लखनऊ में पांच टावरों के 14 मंज़िल में कुल 1040 आवासों का निर्माण किया जाएगा जो अधिक टिकाऊ, पर्यावरण अनुकूल और भूकंपरोधी होंगे। प्रवक्‍ता के मुताबिक लखनऊ के 1040 शहरी गरीबों को मात्र पौने पांच लाख में 415 वर्गफुट एरिया का फ्लैट अगले साल सौंपा जाएगा। इसकी कीमत 12 लाख 59 हजार होगी, इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से सात लाख 83 हजार रुपये अनुदान के रूप में दिए जाएंगे। शेष धनराशि चार लाख 76 हजार ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लाभार्थी को देने होंगे। 

इसे भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ ने की उच्चस्तरीय बैठक, बोले- किसानों को MSP का पूरा लाभ दिलाना राज्य सरकार की मंशा है 

फ्लैट का आवंटन प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अनुसार किया जाएगा और डूडा के माध्यम से डीएम की अध्यक्षता में खुली लॉटरी कराई जाएगी। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार ने शहरी कमजोर वर्गों को ध्यान में रखते हुए पांच अन्‍य राज्‍यों समेत उत्तर प्रदेश में लखनऊ को हलका मकान परियोजना के तहत आवास बनाने के लिए चुना है। शहीद पथ स्थित अवध विहार योजना में बनने वाले एलएचपी का क्रियान्वयन 34.50 वर्ग मीटर कारपेट एरिया में किया जा रहा है। प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार भवन निर्माण सम्बन्धित अनुसंधान संस्थाओं, छात्रों, प्रौद्योगिकी संस्थाओं, वास्तुविदों और अभियंताओं में नई तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। परियोजना के क्रियान्वयन में नई तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है, जिस कारण निर्माण कार्य करीब एक साल में पूरा हो सकेगा।

प्रमुख खबरें

Rajnath Singh Birthday: 50 साल, UP CM से Defence Minister तक सत्ता के शिखर पर

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! योगी सरकार ने किए 20 IAS अधिकारियों के तबादले, शुभा वर्मा नई श्रम आयुक्त

Yogini Ekadashi पर लगेगा Bhadra Kaal, जानें पूजा पर पड़ेगा असर? नोट करें सही Date और Shubh Muhurat

ग्लोबल मार्केट में बहार! Sensex 653 अंक उछला, Nifty 24,100 के पार, दमदार नतीजों के बाद TCS 4% मजबूत