By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 23, 2021
वाशिंगटन। व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच ‘‘कड़े प्रतिस्पर्धी’’ देशों वाले संबंध हैं और बाइडेन प्रशासन अपने साझेदारों एवं सहयोगियों के साथ निकट समन्वय स्थापित करके काम करेगा ताकि उसकी स्थिति मजबूत हो। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता जेन साकी की सोमवार को यह टिप्पणी चीन के विदेश मंत्री वांग यी द्वारा चीन-अमेरिका के संबंधों पर की गई टिप्पणी के बाद आई है। बीजिंग ने अमेरिका से कहा था कि वह उसके आंतरिक मामलों में दखल देना बंद करें और व्यापार प्रतिबंधों को हटाएं। वांग ने कहा था कि अमेरिका को चीन की सत्तारूढ कम्युनिस्ट पार्टी और एक दलीय राजनीतिक प्रणाली की ‘छवि खराब’ करना और ताइवान, तिब्बत, हांगकांग और शिनजियांग में ‘अलगाववादी ताकतों’ को समर्थन देना बंद करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बाइडन प्रशासन को पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा चीन के बढ़ते प्रभावों को नियंत्रण में करने के लिए उठाए गए कदमों में भी बदलाव करना चाहिए।