Yuanjun Tang को Manhattan Court ने नहीं सुनाई जेल, चीन के लिए जासूसी का जुर्म स्वीकारा था

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

न्यूयॉर्क में चीन के असंतुष्ट समुदाय के एक सदस्य को अपने साथी कार्यकर्ताओं की पांच साल तक चीन सरकार के लिए जासूसी करने की बात स्वीकार करने के बावजूद बृहस्पतिवार को मैनहट्टन की संघीय अदालत ने जेल की सजा नहीं सुनाई। युआनजुन तांग (69) तीन दशक से अधिक समय से चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के मुखर आलोचक रहे हैं। न्यायाधीश जॉन जी. कोएल्टल ने उन्हें तीन साल की परिवीक्षा की सजा सुनाई।

न्यायाधीश ने कहा कि कुछ लोगों के इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी कि तांग की गतिविधियों के कारण उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से निशाना बनाया गया था। अमेरिकी सहायक अटॉर्नी जेन चोंग ने न्यायाधीश से तांग को पांच साल की जेल की सजा देने का अनुरोध किया था। यह अधिकतम सजा थी, जो तांग को मिल सकती थी।

उन्होंने सितंबर 2025 में इस आरोप को स्वीकार कर लिया था कि उन्होंने अमेरिकी अटॉर्नी जनरल के कार्यालय में चीन सरकार के एजेंट के रूप में अपना पंजीकरण नहीं कराया था। वहीं, बचाव पक्ष के वकील माइकल ब्रैडली ने कहा कि उनके मुवक्किल लोकतंत्र समर्थक, लेखक और कार्यकर्ता हैं। वह अपने बीमार माता-पिता और भाई से मिलने के लिए चीन लौटने की बेहद इच्छा रखते थे और इसी सिलसिले में उनकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई, जिसने उन्हें चीन जाने में मदद करने का भरोसा दिलाया था।

वकील ने कहा कि तांग को चीन पहुंचने के बाद ही पता चला कि वह व्यक्ति जासूस था। वहां पहुंचने पर उन्हें यह भी पता चला कि उनकी मां और भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी। तांग ने कहा कि उन्होंने चीन जाकर ‘‘अपने माता-पिता से मिलने’’ की इच्छा में अपने सिद्धांतों से समझौता किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपने किए पर गहरा पछतावा है। मेरे कार्यों से कुछ लोगों को नुकसान पहुंचा है।’’ तांग को अक्टूबर 2024 में गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी से पहले चीन की ओर से विदेशों में असंतुष्टों को परेशान करने और उनकी आवाज दबाने की कोशिशों से जुड़े कई चर्चित मामलों की जांच हुई थी।

चोंग ने कहा कि तियानमेन चौक के प्रमुख प्रदर्शनकारी रहे तांग ने अमेरिका में लोकतंत्र समर्थक आंदोलन से जुड़े अपने साथियों के साथ विश्वासघात किया। चोंग ने कहा कि तांग ने कम से कम 2018 से 2023 के बीच दर्जनों लोगों की जानकारी चीनी अधिकारियों को दी थी। सजा सुनाए जाने के दौरान उन चार लोगों ने भी अपनी बात रखी, जिनका मानना है कि वे तांग की जासूसी के शिकार हुए हैं।

उनमें से कई ने कहा कि अमेरिका में उनकी गतिविधियों का खुलासा होने के बाद चीन में उनके परिवार के सदस्यों की मौत संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई। अदालत के दस्तावेजों के अनुसार, एक चीनी खुफिया अधिकारी के निर्देश पर तांग चीन के खिलाफ होने वाले स्थानीय विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें लेने और उनकी रिकॉर्डिंग करने के लिए सहमत हो गए थे।

प्रमुख खबरें

Microsoft Server Poblem | माइक्रोसॉफ्ट को बड़ा झटका: Outlook, Teams और Copilot समेत कई सेवाएं ठप, लाखों यूजर हुए परेशान

Jammu and Kashmir Police का बड़ा एक्शन! राजौरी में पाकिस्तान स्थित आतंकवादी सरगना की 81 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क

Philadelphia के पास Delaware नदी पर बने ड्रॉब्रिज से मालवाहक जहाज टकराया, यातायात ठप

Moscow में Putin से मिले अमेरिकी दूत, Zelenskyy से वार्ता के लिए पहुंचे Dublin